गहलोत अपनी कमियों को छिपाने के लिए केन्द्र सरकार पर लगा रहे अर्नगल आरोप-जोशी
27-Aug-2023 10:29 PM 5850
जयपुर, 27 अगस्त(संवाददाता) राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह अपनी कमियों को छिपाने के लिए इधर उधर की बातें कर रहें है और केन्द्र सरकार पर अर्नगल और तथ्यहीन आरोप लगा रहें है। श्री जोशी रविवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा प्रदेश में महंगाई, अपराध, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार चरम पर है। मुख्यमंत्री अपनी सरकार की कमियां स्वीकार करने की अपेक्षा दूसरों पर आरोप प्रत्यारोप करते हैं। प्रदेश की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लोकतंत्र और सुशासन पर बात करने का अपना नैतिक अधिकार खो चुके हैं। देश का सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल और महंगी बिजली देने वाले मुख्यमंत्री को महंगाई पर बात करने का नैतिक हक नहीं है। महंगाई को कम करने के लिए केंद्र और अन्य राज्यों की सरकार ने पेट्रोल पर वेट और टैक्स घटाया, परंतु प्रदेश सरकार ने इसमें कोई कमी नहीं की। उन्होंने कहा “आखिर क्या कारण है कि आप साढे चार साला से प्रदेश की जनता की जेब काट रहें हो। अपराध में प्रदेश की स्थिति बदतर है। दुष्कर्म, महिला अत्याचार, दलित अत्याचार में प्रदेश नंबर वन है। एनसीआरबी के आकड़े स्पष्ट रूप से यह बात कह रहे हैं। आप बातों को घुमा फिरा कर कहते है और प्रदेश की जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास बार-बार करते हैं। अब आपका असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है।” उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में काला धन मिलना, सरकार के मंत्री द्वारा सदन में सरकार पर भ्रष्टाचार की लाल डायरी का ज़िक्र करने पर, उन्हें रातों रात हटा देना आपकी नियत पर प्रश्न लगाता है। जब आपकी एजेंसियां भ्रष्टाचार पर काम नहीं कर रही है, तो ऐसे में केंद्रीय एजेंसियां क्यों नहीं आएंगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 600 से अधिक मामले भ्रष्टाचार के दर्ज किया इनमें से कितने मामलों में अभियोजन की स्वीकृति दी गई। भ्रष्ट अधिकारियों को वापस उसी जगह पोस्टिंग दी जा रही हैं। विधायक और मंत्री सरेआम मंचों पर भ्रष्टाचार के काले चिट्ठे उजागर कर रहे हैं। राज्य सरकार में जनता के पैसों पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अन्नपूर्णा पैकेट में मिलावट, बिजली खरीद में भ्रष्टाचार, बच्चों का पोषाहार खा गए। आजादी के बाद पहली ऐसी सरकार आई है, जिसने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। उन्होंने कहा कि भारत में पहले भी कई प्रधानमंत्री आए लेकिन श्री नरेन्द्र मोदी ने वैज्ञानिकों को सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई, उनको गले लगाकर उनका हौंसला बढ़ाया जिसके परिणाम स्वरूप देश ने चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव की सफल लैंडिंग करवाकर एक इतिहास रचा दिया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^