गहलोत को हर जगह नजर आती है लाल डायरी: शाह
07-Nov-2023 07:25 PM 6499
डीडवाना-कुचामन 07 नवंबर (संवाददाता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार एवं तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह राजस्थान की सबसे भ्रष्ट सरकार रही है और अब तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लाल रंग देखकर ही भड़क जाते हैं और उन्हें हर जगह लाल डायरी नजर आती है। श्री शाह मंगलवार को प्रदेश में नावां, मकराना, बिदियाद एवं परबतसर में भाजपा प्रत्याशियों की जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केन्द्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में श्रीमती सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी, राजस्थान में श्री गहलोत अपने बेटे वैभव गहलोत को लांच करने की कोशिश में ही लगे रहे वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चन्द्रयान लांच कर तिरंगे को चांद पर लहरा दिया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान की भूमि सालों से सम्मान और गौरव की रही है जहां लोगों ने मुगलों की आंधी का भी डटकर सामना किया था लेकिन पिछले पांच सालों में गहलोत सरकार ने वीरभूमि को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यह राजस्थान की सबसे भ्रष्ट सरकार रही है और अब तो हालात ऐसे हैं कि लाल रंग देखकर ही गहलोत साहब भड़क जाते हैं चाहे कुछ भी लाल हो गहलोत जी को हर जगह लाल डायरी नजर आती है। उन्होंने कहा कि खनन विभाग में 66 हजार करोड़ का घोटाला हुआ, उदयसागर झील में दो हजार करोड़ का घोटाला और सचिवालय में दो किलो सोना मिला लेकिन मुख्यमंत्री की नींद नहीं उडी। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सी आर चौधरी, प्रदेश महामंत्री जगबीर छाबा, प्रदेश प्रवक्ता अशोक सैनी, जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ओडिंट, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनिता रांदड, पूर्व विधायक श्रीराम भींचर, चुनाव संभाग प्रभारी महेंद्र सिंह, हरिराम रिणवां, हरियाणा विधायक लक्ष्मण यादव,​ जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी सहित मंडल अध्यक्ष एवं सरपंच और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^