गिल और जायसवाल के शतक से भारत ने बनाई मैच पर पकड़
20-Jun-2025 11:27 PM 3729
लीड्स 20 जून (संवाददाता) यशस्वी जायसवाल (101) और कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 127) रनों की शतकीय पारियों की बदौलत भारत ने पांच मैचों की शृखंला के पहले टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को स्टंप तक तीन विकेट पर 359 रन बनाकर मैच पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। आज यहां इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी यशस्वी जायसवाल और के एल राहुल की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े। भारत का पहला विकेट के एल राहुल (42) के रूप में गिरा। उन्हें ब्राइडन कार्स ने जो रूट के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये साई सुदर्शन बिना खाते खोले बेन स्टोक्स का शिकार बने और भारत काे दूसरा झटका लगा। भोजनकाल तक भारत ने दो विकेट पर 92 रन बना लिये थे। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान शुभमन गिल ने यशस्वी जायसवाल के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिये 129 रनों की साझेदारी हुई। 54वें ओवर में बेन स्टोक्स ने यशस्वी जायसवाल को बोल्ड कर इंग्लैंड को बड़ी सफलता दिलाई। यशस्वी जायसवाल ने अपनी 101 रनों की शतकीय पारी में 159 गेंदों का सामना किया और 16 चौके और एक छक्का लगाया। दिन का खेल समाप्त होने के समय भारत ने तीन विकेट पर 359 रन बना लिये और शुभमन गिल (नाबाद 127) और ऋषभ पंत (नाबाद 65) रन बनाकर खेल रहे है। दोनों बल्लेबाजों के बीच अब तक 138 रनों की अविजित साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड की ओर से बेन स्टोक्स ने दो विकेट लिये। ब्राइडन कार्स ने एक बल्लेबाज को आउट किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^