12-Jul-2023 05:27 PM
3547
नयी दिल्ली, 12 जुलाई (संवाददाता) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना के बढ़ते जल स्तर को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है।
श्री केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं हो रही है। इसके बाद भी यमुना का जल स्तर बढ़ता जा रहा है, क्योंकि हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। वर्ष 1978 के बाद पहली बार यमुना का जल स्तर 207.55 मीटर हुआ है और आज रात यह 207.72 मीटर तक पहुंचने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री से अनुरोध करते हुए कहा है कि अगले कुछ हफ्तों में दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन होने वाला है। ऐसे में अगर दिल्ली में बाढ़ आई तो दुनिया में अच्छा संदेश नहीं जाएगा। इसलिए हथिनीकुंड से सीमित गति में पानी छोड़ा जाए, ताकि यमुना का जलस्तर और न बढ़े।
मुख्यमंत्री ने श्री शाह को पत्र लिखकर हथिनी कुंड बैराज से नियंत्रित स्तर पर पानी छोड़ने की अपील करते हुए दिल्ली में पैदा हो रहे बाढ़ के हालत पर केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा है कि आज दोपहर एक बजे दिल्ली में यमुना का स्तर 207.55 मीटर पहुंच गया है। यह खतरे के निशान (205.33 मीटर) से बहुत ऊपर है। इसके पहले यमुना का अभी तक अधिकतम जल स्तर 1978 में पहुंचा था, तब यमुना का जल स्तर 207.49 मीटर था। उस वक्त दिल्ली में बाढ़ आ गई थी और काफी गंभीर स्थिति हो गई थी। 207.55 मीटर के स्तर पर अब यमुना में कभी भी बाढ़ आ सकती है।
उन्होंने सेंट्रल वाटर कमीशन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि सेंट्रल वाटर कमीशन के अनुमान आज रात को यमुना का स्तर 207.72 मीटर पहुंच जाएगा जो कि बहुत चिंता की बात है। दिल्ली में पिछले तीन दिन से बारिश नहीं हुई। दिल्ली में यमुना में पानी का स्तर दिल्ली की बारिश की वजह से नहीं बढ़ रहा, बल्कि हरियाणा स्थित हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की वजह से लगातार बढ़ रहा है।
श्री केजरीवाल ने आग्रह करते हुए कहा है कि यदि संभव हो तो हथिनीकुंड बैराज से पानी को एक सीमित गति से ही छोड़ा जाए, ताकि दिल्ली में यमुना का स्तर और न बढ़े। दिल्ली देश की राजधानी है और राजधानी में कुछ हफ्तों में ही जी-20 शिखर सम्मेलन होने जा रहा है। देश की राजधानी में बाढ़ की खबर से दुनिया में अच्छा संदेश नहीं जाएगा। हम सबको मिलकर इस स्थिति से दिल्ली के लोगों को बचाना है।...////...