हवाई रास्ते से भारत आने वाले बांग्लादेशी पर्यटकों का वीजा जारी
17-Mar-2022 08:45 PM 2637
ढाका, 17 मार्च (AGENCY) बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने मार्च 2020 से पहले जारी किये गए सभी वीजा फिर से मान्य कर दिये गए हैं। यह वीजा कोरोना महामारी के कारण रोक दिये गए थे। भारतीय उच्चायोग द्वारा सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में कहा गया कि हवाई यात्रा के लिए सभी वीजा पुन: चालू कर दिये गए हैं। उच्चायोग आगे भी पर्यटक वीजा जारी करता रहेगा। इससे पहले भारत सरकार ने देश में कोरोनावायरस की स्थिति सुधरने के कारण 27 मार्च से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के पूरी यात्री क्षमता के साथ उड़ने की घोषणा की थी। कोरोना महामारी के प्रसार के बाद भारत सरकार ने 23 मार्च 2020 से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को स्थगित कर दिया था। यह स्थिति दो साल तक रही। जुलाई 2020 से अब तक भारत और करीब 35 देशों के बीच विशेष अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ही कार्यरत रहीं। देश में सुधरती हुई कोरोना स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने 72 घंटे से कम की यात्रा करके आने वाले वैक्सीनेटेड लोगों के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट का प्रावधान भी समाप्त कर दिया था। विदेश से आने वाले लोगों के लिए आवश्यक सात दिवसीय होम क्वारंटाइन की अनिवार्यता को भी पिछले महीने समाप्त कर दिया गया था। भारत में सबसे ज्यादा विदेशी पर्यटक बांग्लादेश से आते हैं। कोरोना महामारी से पहले साल 2019 में बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने 16 लाख से ज्यादा वीजा जारी किये थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^