हिज्ब उतर तहरीर से जुड़े 11 कथित कार्यकर्ता मध्यप्रदेश में गिरफ्तार
09-May-2023 07:18 PM 6665
भोपाल, 09 मई (संवाददाता) राष्ट्रविरोधी और आतंकवादी गतिविधियों में कथित तौर पर लिप्त हिज्ब उत तहरीर (एचयूटी) के 11 कार्यकर्ताओं को मध्यप्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने आज गिरफ्तार कर लिया। राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि दस सदस्यों को भोपाल और एक को छिंदवाड़ा जिले से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई राज्य पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने की है और ये कार्यकर्ता काफी समय से राज्य पुलिस के रॉडार पर थे। श्री मिश्रा ने कहा कि इनके कब्जे से आपत्तिजनक साहित्य मिला है। इनके बारे में काफी समय से सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। उन्होंने कहा कि यह संगठन शरीयत कानून लागू कराने के लिए किसी भी हद तक जाने, हिंसा करने में विश्वास करता है। बताया गया है कि राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (एनआईए), संबंधित राज्यों की पुलिस और विशेष एजेंसियां विशेष सूचनाओं के आधार पर कुछ लोगों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। इसी क्रम में सूचनाएं पुष्ट होने पर भोपाल के शाहजहानाबाद और ऐशबाग क्षेत्र से दस लोगों को तथा छिंदवाड़ा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एनआईए ने हैदराबाद से आज ही पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद उन्हें रिमांड पर लेने की कोशिश की जाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^