हिमाचल में तीन दिनों में आपदा से 71 लोगों की मौत, राहत बचाव कार्य जारी
17-Aug-2023 07:55 PM 7863
शिमला, 17 अगस्त (संवाददाता) हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में 71 लोगों की मौत हो गयी है और कई अन्य लोग लापता हैं। राजधानी शिमला के उपनगर समरहिल क्षेत्र में भूस्खलन से जमींदोज हुए शिव बावड़ी मंदिर में लापता लोगों को निकालने का राहत कार्य जारी है। हादसे के चौथे दिन गुरुवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस, होमगार्ड, स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आज पूर्वाह्न 10 बजे के करीब घटनास्थल के नीचे नाले में एक और शव बरामद हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 अगस्त तक दोबारा प्रदेश में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। प्रदेश में कल शिमला समेत अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा। प्रदेश में तीन दिनों के भीतर ही बारिश और भूस्खलन के कारण 71 लोग दम तोड़ चुके हैं। वहीं पौंग बांध से पानी छोड़ने से कांगड़ा जिले का इंदौरा और फतेहपुर क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं। यहां मंगलवार और बुधवार को दो दिनों में 1,731 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। आपदा प्रबंधन के प्रमुख सचिव ओंकार चंद शर्मा ने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक लगातार बारिश ने कुल 71 लोगों की जान ले ली है, जबकि इस मानसून में लगभग 7,500 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। इस बीच हेलिकाप्टर से 739, नाव से 780 और अन्य माध्यमों से 212 लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए। पानी भरने से दोनों क्षेत्रों में काफी नुकसान हुआ है। कुल्लू के आनी उपमंडल की पोखरी पंचायत के रगेली गांव में दो मकान भूस्खलन की चपेट में आए। इससे एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए। भूस्खलन के कारण घर से करीब दस किलोमीटर दूर तीनों के शव मिले। किन्नौर जिले के कल्पा खंड के पांगी गांव के दुनंग कंडे (काशंग नाला) में चट्टानों की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। चंबा जिले के चुवाड़ी स्थित कलम खड्ड में दोस्तों के साथ नहाने उतरे 14 वर्षीय युवक की पानी के तेज प्रवाह में बहने से मौत हो गई। कांगड़ा जिले के धीरा के परमार नगर गांव में करीब 30 मकान धंस गए हैं। जमीन धंसने का पता चलते ही गांव खाली कर दिया था। ज्वालामुखी के साथ अधवानी पंचायत के क्रशर में फंसे 67 लोगों को एनडीआरएफ ने सुरक्षित निकाल लिया है। खुंडियां तहसील के अंबाड़ा गांव में 20 परिवार बेघर हो गए हैं। सड़कें बंद होने से कुल्लू में ईंधन और रसोई गैस की किल्लत हो गई है। पौंग बांध से पानी छोड़ने की वजह से इंदौरा और फतेहपुर में बाढ़ आ गई। वायु सेना के चिनूक हेलिकाप्टर ने जेसीबी मशीन को हुक से हवा में लटकाकर अनाडेल हेलीपैड पर उतारा। एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा ने बताया कि हेलिकाप्टर की सुरक्षित लैंडिंग की गई। उन्होंने कहा कि जुलाई के पूरे महीने की तुलना में इन तीन दिनों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। हिमाचल में विभिन्न क्षेत्रों में 1,220 सड़कें बंद हैं। दो हजार से ज्यादा रूट प्रभावित रहे। पेयजल स्रोतों में गाद आने से लोगों के घरों में पानी नहीं जा रहा है। मंडी की सबसे ज्यादा 541 समेत 1,235 पानी की स्कीमें ठप हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^