हिन्दू स्वाभिमान यात्रा कोई सियासी यात्रा नहीं : गिरिराज सिंह
17-Oct-2024 10:30 PM 8904
भागलपुर,17 अक्टूबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ‘हिन्दू स्वाभिमान यात्रा’ को हिन्दुओं को एकजुट एवं जागृत करने वाली यात्रा बताया और कहा कि यह यात्रा कोई सियासी यात्रा नहीं है इसलिए किसी को इससे डरने की जरूरत नहीं है। श्री सिंह ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, “ भारत और खासकर बिहार के सभी दलों के नेताओं से मैं अपील करता हूं कि वे भी हिन्दू स्वाभिमान यात्रा में शामिल हों और सनातन के अस्तित्व को बचाने में सहयोग करें। क्योंकि आज भारत में हिन्दुओं का अस्तित्व खतरे में है।” भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि हाल के कुछ वर्षों से भारत और बिहार में जनसंख्या की रफ्तार में जो परिवर्तन हो रहा है। उससे हिन्दुओं का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। आज हिन्दुओं की आबादी घटते जा रही है। देश के करीब चार सौ जिलों के सोलह सौ जगहों पर हिन्दुओं की तुलना में मुसलमान की आबादी बढ़ गई है जो गंभीर चिंता का विषय है। केन्द्रीय मंत्री ने सवालिया लहजे में कहा, “कुछ लोग कहते है कि हमें स्वाभिमान यात्रा नहीं निकालनी चाहिए। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब तेजस्वी यादव मुसलमानों के लिए अपनी यात्रा निकाल सकते हैं तो हमारी यात्रा क्यों नहीं निकल सकती है। तेजस्वी यादव को ओछी राजनीति नहीं करनी चाहिए और उन्हें शर्म आनी चाहिए।” श्री सिंह ने आगे कहा कि देश के मुसलमान भाईयों से पूछना चाहता हूं कि आजादी के बाद देश में मुहर्रम के दौरान ताजिया जुलूस में किसी ने क्या पत्थर मारा है। लेकिन विगत पंद्रह वर्षों में दुर्गापूजा और रामनवमी के जुलूस में घरों से पत्थर बरसाने का काम किया जाता है। हिन्दू और मुसलमान दोनों भारत के दो जान है और आपस में ऐसी हरकतें बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “ जबतक मेरे शरीर में खून है। मेरी सांसे चलेगी,तब तक मैं हिन्दुओं के अस्तित्व की रक्षा और उनके एकजुटता के लिए आवाज बुलंद करता रहूंगा।मैं डंके की चोट पर कहता हूं कि हिन्दू स्वाभिमान यात्रा चलेगी। उन्हें किसी के दबाब की चिंता नहीं है।” मंत्री ने देश के पड़ोसी राष्ट्रों की चर्चा करते हुए कहा, “ मैंने पाकिस्तान और बांग्लादेश को देखा है। जहां हमारी बहनों एवं बेटियों के साथ क्रूर अत्याचार किया जा रहा है। लेकिन हमारे विपक्षी दल मौन साधे हुए हैं। यहां तक कि उन देशों के पक्ष में खड़े भी दिखाई दे रहे हैं।” श्री सिंह ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि साल 1989 के साम्प्रदायिक दंगे के ज़ख्म को भागलपुर भुला नहीं पाया है। फिर दूसरा जख्म नहीं मिले, इसके लिए भागलपुर से हिन्दू स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत की जा रही है। इस मौके पर हिन्दू स्वाभिमान यात्रा के संयोजक स्वामी दीपांकर जी महाराज एवं जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष कुमार भी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^