इज़रायल में मिला 3500 साल पुराना मिस्र का स्कारब ताबीज
29-Nov-2024 02:31 PM 6769
यरूशलम, 29 नवंबर (संवाददाता) इजरायल के मध्य शहर होड हशारोन में तेल काना के प्राचीन स्थल पर एक 12 वर्षीय स्थानीय लड़की को तीन हजार 500 साल पुराना मिस्र का स्कारब ताबीज मिला है। इजरायल पुरातन प्राधिकरण (आईएए) ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि मध्य शहर होड हशारोन में तेल काना के प्राचीन स्थल के नीचे पारिवारिक पदयात्रा के दौरान पाए गए बीटल जैसे ताबीज में दो बिच्छू सिर से पूंछ तक खड़े हैं । आईएए के अनुसार मिस्र में बिच्छू का प्रतीक देवी सेर्केट का प्रतिनिधित्व करता है, जिन्हें विशेषरूप से मृत्यु के बाद के जीवन में सुरक्षा की देवी माना जाता था। ताबीज पर अन्य सजावट नेफ़र प्रतीक हैं, जिसका मिस्र में अर्थ “शुभ ” या “चुना हुआ” होता है। इस तरह के ताबीज को गोबर के कीड़े के आकार में डिजाइन किया गया था, जिसे प्राचीन मिस्रवासियों की नजर में नए जीवन के प्रतीक के रूप में पवित्र माना जाता था। आईएए ने बताया कि इज़रायल में पाए जाने वाले स्कारब ताबीज, जिन्हें कभी-कभी मुहर के रूप में उपयोग किया जाता है, इस क्षेत्र में मिस्र के शासन और सांस्कृतिक प्रभाव का प्रमाण हैं। बयान में कहा गया है कि क्षेत्र से गुजरने वाले एक महत्वपूर्ण और आधिकारिक व्यक्ति ने ताबीज गिरा दिया होगा या जानबूझकर उसे दफना दिया होगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^