इकानॉमी व इकालॉजी पर तैयार किया जा रहा प्रदेश का विकास मॉडल: धामी
27-Dec-2023 07:09 PM 3901
नैनीताल, 27 दिसंबर (संवाददाता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की तर्ज पर उनकी सरकार प्रदेश का चहंुमुखी विकास कर रही है और इकॉनामी और इकोलॉजी के आधार पर प्रदेश के विकास का मॉडल तैयार किया जा रहा है। श्री धामी ने यह बात हल्द्वानी में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण के मौके पर कही। उन्होंने कहा कि आज विश्वविद्यालय हर क्षेेत्र में आगे बढ़ रहा है। विवि के परिश्रम का ही परिणाम है कि उसे राष्ट्रपति पुरस्कार के साथ ही पहले ही प्रयास में नैक से बी प्लसप्लस रैंक हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब लोग यूओयू की भूमिका पर प्रश्नचिन्ह उठाते थे लेकिन आज विवि के कुलपति ओपीएस नेगी के नेतृत्व में प्राध्यापकों, शिक्षकों और पूरे विवि परिवार ने इस धारणा को गलत साबित किया है। उन्होंने कहा कि आज जहां विवि वेद और उपनिषद् की शिक्षा दे रहा है वहीं विज्ञान और प्रोद्योगिकी के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने नयी शिक्षा नीति को महत्वपूर्ण कदम माना और कहा कि यह देश और प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में नयी शिक्षा नीति लागू करने के साथ ही कड़ा नकल कानून भी तैयार किया है। इसमें कड़े प्रावधान किये गये हैं और इससे परिश्रमी छात्रों को लाभ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों पर विशेष जोर दे रही है। प्रदेश में दूरस्थ प्रकोष्ठ की स्थापना की गयी है। उन्होंने विवि के छात्रों का आह्वान करते हुए कहा कि आज विश्व में सेवा का स्वरूप बदल रहा है। इसलिये बहुआयामी कौशल के बल पर अपना लक्ष्य को तय करें। उन्होंने अपने संबोधन में कौशल विकास पर जोर देते हुए कहा कि छात्र कौशल विकास से प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत में सहयोग करें तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करें। उन्होंने छात्रों से कहा कि उत्साह, परिश्रम और संकल्प से सिद्धि तक पहंुचा जा सकता है। उन्होंने विवि की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया और नयी विकास योजनाओं की घोषणा भी की। इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के अलावा विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, बंशीधर भगत और नैनीताल की विधायक सरिता आर्य मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के चलते विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं हो पाये।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^