इंडिगो की कोल्हापुर-बेंगलुरु उड़ान सेवा को सिंधिया ने दिखायी हरी झंडी
14-Jan-2023 07:05 PM 1749
नयी दिल्ली, 14 जनवरी (संवाददाता) नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कोल्हापुर से बेंगलुरु के बीच सीधी उड़ान सेवा को हरी झंडी देकर प्रस्थान कराया। नागर विमानन मंत्रालय विज्ञप्ति के अनुसार यह उड़ान इंडिगो एयरलाइंस द्वारा परिचालित की जा रही है और सस्ते में सप्ताह में हर दिन उपलब्ध होगी। सेवा के उद्घाटन के अवसर पर नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल(सेवानिवृत्त) डॉक्टर वी के सिंह भी उपस्थित थे। यह उड़ान 6ई 7427 बेंगलुरु से दोपहर बाद 2:50 पर प्रस्थान कर के कोल्हापुर अपराह्न 4:45 पर पहुंचेगी। कोल्हापुर से 6ई 7436 उड़ान शाम 5:05 स्थान करेगी और शाम 6: 50 मिनट बेंगलुरु पहुंचेगी। श्री सिंधिया ने इस अवसर पर कहा कि उनका मंत्रालय कोल्हापुर में उड्डयन सुविधाओं के विकास पर ध्यान दे रहा है। कोल्हापुर में 245 करोड़ रुपए के निवेश से एक नया हवाई अड्डा टर्मिनल, रन वे का विस्तार और नया वायु-यातायात नियंत्रण स्तंभ निर्मित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने और मिशन के अनुसार देश में सभी क्षेत्रों में विमान सेवाओं के विस्तार का काम चल रहा है। जनरल वी के सिंह ने इस अवसर पर कोल्हापुर के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में व्यापार पर्यटन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। समारोह में लोकसभा सांसद संजय सदाशिव राव मांडलिक, विधायक ऋतुराज संजय पाटिल, नागर विमानन मंत्रालय संयुक्त सचिव एस के मिश्रा, इंडिगो के प्रधान सलाहकार आर के सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^