इंदिरा ने मजबूत की थी सेना, मोदी ने शहीदों को दो श्रेणियों में बांटाः प्रियंका
29-May-2024 08:38 PM 4911
ऊना, 29 मई (संवाददाता) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि वे शहीद परिवार की बेटी और पोती हैं। सैनिकों और शहीदों का दुख दर्द जानती हूं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीदों को अपने राजनीतिक लाभ के लिए दो श्रेणियों में बांटकर रख दिया। श्रीमती वाड्रा ने हिमाचल प्रदेश के ऊना के नारी चलौरा और आर्मी ग्राउंड गगरेट में रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि श्री मोदी ने अग्निवीर योजना लाकर देश के नौजवानों के भविष्य के साथ छल किया। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी देश के लिए शहीद हो गईं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कहते हैं कि वह देशद्रोही हैं। सेना की मजबूती के लिए इंदिरा जी ने काम किया। पाक को तोड़कर बांग्लादेश बनाया, हरित क्रांति लाई। उन्होंने कभी अहंकार नहीं किया। धर्म, जाति और क्षेत्रवाद के नाम पर वोट नहीं मांगा। शहीदों का श्री मोदी की तरह ऐसी योजनाएं लाकर अपमान नहीं किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई अग्निवीर सरहद पर शहीद हो जाता है तो परिवार को कुछ भी नहीं मिलेगा, पेंशन भी नहीं मिलेगी। पिछले 10 वर्षों में धर्म, क्षेत्र और संप्रदाय के नाम पर मोदी ने देश की जनता को बांटने का काम किया। सत्ता के लिए धनबल का इस्तेमाल हो रहा है। भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने चंदे के नाम पर हजारों करोड़ बना डाले हैं। भ्रष्टाचार को लेकर बार-बार बात करने वाली भाजपा पिछले 10 वर्षों में ही विश्व की सबसे अमीर पार्टी कैसे बन गई। कांग्रेस पार्टी ने भी देश में 55 साल राज किया, लेकिन उनकी पार्टी कभी इतनी अमीर नहीं बन पाई। यह आंकड़े बोल रहे हैं। भाजपा का धनबल के जरिये देश में सत्ता हासिल करना ही एकमात्र मकसद रह गया है। श्रीमती वाड्रा ने कहा कि यही फर्क भाजपा और कांग्रेस की विचारधारा में है। यह चुनाव देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। भाजपा ने जिस तरह देश के संविधान और लोकतंत्र का गला घोंटा है, वह देश के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने दोहराया कि श्री नरेंद्र मोदी आपदा के समय एक बार भी हिमाचल नहीं आए। आपदा के राहत कार्यों के लिए केंद्र की तरफ से प्रदेश के लिए एक रुपया नहीं आया। मोदी ने अपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया। सारी राहत प्रदेश सरकार की ओर से दी गई। कांग्रेस नेता ने कहा कि सर्वश्री मोदी व अमित शाह ने प्रदेश की चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश की। धनबल के साथ चोरों की तरह विधायकों को कभी यहां, कभी वहां छिपाया। यह लोकतंत्र के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध जनता की आंखों के सामने करने की कोशिश हुई। यह हमारे नेताओं की दृढ़ता थी कि सरकार एकजुट रही। हमीरपुर के बड़सर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रोड शो किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा तथा विधानसभा क्षेत्र बड़सर से सुभाष चंद ढटवालिया भी माजूद थे। श्रीमती वाड्रा ने कांग्रेस के घोषणा पत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अगर देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है, तो कांग्रेस डबल सेवा के साथ काम करेगी। जो योजनाएं प्रदेश सरकारों ने चलाई हैं, उनमें केंद्र सरकार अपना अलग से सहयोग करेगी। आम लोगों को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। हर महिला को हर महीने साढ़े आठ हजार केंद्र सरकार की तरफ से दिए जाएंगे, जो सालाना एक लाख की राशि होगी। श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जनसभा में बागियों पर निशाना साधा। कहा कि पैसों के दम पर सत्ता हाथियाने वालों को सबक सिखाना होगा। जनबल जीतेगा, धनबल हारेगा। कांग्रेस पार्टी से जीतकर इन विधायकों ने अपनी विधायकी भाजपा को बेच दी। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की मजबूत सरकार को गिराने के सपने देखने वालों को प्रदेश की जनता दिन में तारे दिखाएंगी। उन्होंने कहा कि आपकी सरकार मजबूत है, सरकार के पास 34 विधायक है और विपक्ष के पास 25 है, कांग्रेस सरकार बढ़ जाएगी तथा भाजपा 25 पर ही रह जाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^