इस्तांबुल चर्च गोलीबारी मामले में गिरफ्तारी के आदेश
02-Feb-2024 12:24 PM 8169
इस्तांबुल, 02 फरवरी (संवाददाता) इस्तांबुल की एक अदालत ने इस्तांबुल चर्च में गोलीबारी मामले में 25 संदिग्धों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है जिनमें एक रूसी नागरिक भी शामिल है। तुर्किए के न्याय मंत्री यिलमाज़ टुनक ने यह जानकारी दी है। श्री टुनक ने एक्स पर लिखा 'आतंकवादी समूह में सदस्यता और पूर्व नियोजित हत्या के आरोप में 25 संदिग्धों के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है, जिनमें अमीरजोन खलीगोव और डेविड तंदुयेव शामिल हैं, जिन पर आईएसआईएस में सदस्यता और हमारे नागरिक पर गोली चलाने का संदेह है। नौ और संदिग्धों को न्यायिक नियंत्रण के तहत रिहा कर दिया गया है।' मीडिया रिपोर्टो में कहा गया है कि इस्तांबुल के सरियेर जिले में सेंट मैरी के कैथोलिक चर्च पर रविवार को स्वचालित हथियारों के साथ दो नकाबपोश लोगों ने हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। बाद में हमले की इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ज़िम्मेदारी ली। तुर्किए के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि हमले में दो मुख्य संदिग्ध ताजिकिस्तान और रूस के नागरिक थे। जांच के तहत कुल 60 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें से 26 लोगों को निर्वासन के लिए प्रवासन विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया। शेष 34 बंदियों की प्रारंभिक सुनवाई गुरुवार को हुई। अभियोजक के कार्यालय ने एक आतंकवादी समूह में भागीदारी के आरोप में 13 बंदियों की गिरफ्तारी की मांग की और एक आतंकवादी समूह में भागीदारी और पूर्व-निर्धारित हत्या के आरोप में 21 बंदियों की गिरफ्तारी की मांग की है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^