जालौन:भाई से मिलने जा रही महिला और बेटी की सड़क हादसे में मौत
03-Nov-2024 11:42 PM 7000
जालौन 3 नवंबर (संवाददाता) उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को भाईदूज पर पति सहित मायके जा रही एक महिला और उसकी बेटी की सड़क हादसे में मौत हो गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार उरई-राठ मार्ग ग्राम मुहम्मदाबाद के पास ग्राम ऐरी निवासी सुरेंद्र पाल भाईदूज के पर्व पर पत्नी को लेकर आज पनारी जिला झांसी मायके जा रहा था। उसके साथ पत्नी 30 वर्षीय उमा व सात वर्षीय पुत्री अंशिका भी बाइक पर सवार थी। सुरेंद्र पाल जैसे ही जियो पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो उसने वहां से पेट्रोल भरवाया इसके बाद वह उरई की तरफ मुड़ने लगा। मुड़ते समय राठ की तरफ से उरई जा रही प्राइवेट बस ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर सवार दंपति व पुत्री सड़क पर गिर गए। सुरेंद्र पाल हादसे में बुरी तरह घायल हो गया जबकि पत्नी उमा व बेटी अंशिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस समेत मौके से भाग गया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी शशिकांत चौहान ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सुरेंद्र पाल गांव में रहकर खेती करने के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। थाना प्रभारी शशिकांत चौहान ने कहा कि बस चालक का पता किया जा रहा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^