जाने-माने आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने की आत्महत्या
02-Aug-2023 10:15 PM 4636
मुंबई, 02 अगस्त (संवाददाता) फिल्म इंडस्ट्री के जानेमाने आर्ट डायरेक्टर नितिन चंद्रकांत देसाई ने आत्महत्या कर ली। नितिन चंद्रकांत देसाई ने मुंबई के नजदीक कर्जत में अपने एनडी स्टूडियो में आत्महत्या कर ली। उनकी उम्र करीब 58 साल थी। वह अपना ज्यादातर वक्त इसी स्टूडियो में बिताते थे। बताया जा रहा है कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। नितिन देसाई ने 1987 में टीवी शो 'तमस’ से अपना करियर शुरू किया था। नितिन देसाई ने हम दिल दे चुके सनम, लगान, देवदास, जोधा अकबर और प्रेम रतन धन पायो जैसी कई फिल्मों के सेट डिजाइन किए थे। उन्हें चार बार बेस्ट आर्ट डायरेक्शन का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। सके अलावा उन्हें तीन बार फिल्मफेयर बेस्ड आर्ट डायरेक्शन अवॉर्ड भी मिला था।आखिरी बार उन्होंने फिल्म पानीपत के लिए काम किया था। नितिन देसाई के निधन पर बॉलीवुड जगत में शोक की लहर है। बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने नितिन देसाई के निधन पर शोक जताया है। बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने नितिन देसाई के साथ अपनी एक फोटो शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। हेमा मालिनी ने लिखा, 'सुबह की शॉकिंग खबर, आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई अब नहीं रहे। बेहद अच्छे इंसान थे। कई प्रोजेक्ट्स में उनके साथ काम किया। फिल्म इंडस्ट्री के लिए ये बड़ा नुकसान है. वे जहां रहे शांति से रहे। अक्षय कुमार ने लिखा, नितिन देसाई के निधन के बारे में जानकर अविश्वसनीय दुख हुआ। वह प्रोडक्शन डिजाइन के दिग्गज थे और हमारे सिनेमा जगत का एक बड़ा हिस्सा थे।उन्होंने मेरी कई फिल्मों में काम किया। यह बहुत बड़ा नुकसान है। सम्मान के तौर पर हम आज ओएमजी 2 का ट्रेलर रिलीज नहीं कर रहे हैं। कल सुबह 11 बजे इसे लॉन्च करेंगे. शांति। संजय दत्त ने ट्वीट किया , नितिन देसाई के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। एक शानदार कला निर्देशक और एक अच्छे दोस्त, भारतीय सिनेमा में उनका योगदान स्मारकीय रहा है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। रितेश देशमुख ने ट्वीट कर नितिन की मौत पर दुख जताया है.। उन्होंने लिखा,भारतीय सिनेमा के ग्रोथ में बहुत बड़ा योगदान देने वाले लीजेंडरी प्रोडक्शन डिजाइनर नितिन देसाई अब नहीं रहे ये जानकर गहरा सदमा लगा है। उनके परिवार और प्रियजनों को मेरी गहरी संवेदना। मैं उन्हें बरसों से जानता हूं। वे एक बेहद स्पोकन, हम्बल, एम्बिशियस थे। तुम मुझे याद आओगे दोस्त। ओम शांति। परिणीति चोपड़ा ने भी नितिन की मौत पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा,नितिन सर के बारे में सुनकर दिल टूट गया। उनका अद्भुत काम, बुद्धि और कला को हमेशा याद किया जाएगा। रेस्ट इन पीस सर।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^