जापान को हरा कर भारत ने विजय रथ आगे बढ़ाया
29-Sep-2023 09:56 AM 5395
हांगझाउ 28 सितंबर (संवाददाता) एशियन गेम्स में पुरुष हॉकी टूर्नामेंट के प्रिलिमिनरी राउंड में भारत ने गुरुवार को जापान को 4-2 से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज कर ली है। भारतीय टीम अब 30 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से लोहा लेगी। भारत की ओर से अभिषेक ने खेल के 13वें और 48वें मिनट में गोल किये जबकि मनदीप सिंह ने 24वें मिनट में और अमित रोहिदास ने 34वें मिनट में गोल दागे। हालांकि खेल के अंतिम क्षणों में जापान के गेंकी मिटानी (57वें मिनट) और रयोसी काटो ने (60वें मिनट) में गोल कर जीत हार के अंतर को कम किया। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने अपनी शानदार लय को जारी रखते हुए मैच की शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में खेल का आगाज किया। खेल के 13वें मिनट में भारतीय खिलाड़ी जर्सी नंबर 5 अभिषेक ने फील्ड गोल कर पहले क्वार्टर में टीम को बढ़त दिलाई। इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों ने खेल के पांचवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया था, लेकिन वह उसे गोल में तब्दील नहीं कर सके। दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने एक और गोल कर अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। भारत के लिए यह गोल जर्सी नंबर 11 मनदीप सिंह ने खेल के 24वें मिनट में फील्ड गोल के ज़रिए किया। यह इस मैच का दूसरा फील्ड गोल था। इसके तुरंत बाद ही भारतीय टीम ने एक ओर पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन इसे टीम गोल में तब्दील नहीं कर सकी। पहले हाफ के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से लबरेज़ थी और उन्होंने खेल का तीसरा गोल कर अपने इरादे साफ कर दिए। भारत के लिए तीसरा गोल अमित रोहिदास ने दागा। तीसरे क्वार्टर में भारतीय डिफेंस ने गोल बचाने में में अपनी अहम भूमिका निभाई। खेल का अंतिम क्वार्टर भी भारतीय टीम के नाम रहा। मैच के चौथे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ी अभिषेक ने अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। जापान की टीम गोल की तलाश में लगातार संघर्ष करती हुई दिखाई दी, लेकिन भारतीय डिफेंडरों को भेद पाना उनके लिए आसान नहीं रहा। हालांकि, जापान की टीम को खेल के 57वें मिनट में पहली सफलता मिली। जापान की ओर से यह गोल गेंकी मिटानी ने किया। खेल का रोमांच यहीं नहीं रुका और जापान ने खेल के अंतिम क्वार्टर में एक और गोल किया। खेल के आख़िरी मिनट में जापानी खिलाड़ी रयोसी काटो ने एक और गोल कर अपनी टीम के स्कोर में इजाफा कर दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम पूल ए में पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष पर पहुंच गई है। इससे पहले भारत ने उज्बेकिस्तान और सिंगापुर को एकतरफा मुकाबले में हराया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^