25-Aug-2023 08:34 PM
2776
पटना 25 अगस्त (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि प्रदेश में जाति आधारित गणना का काम पूरा हो चुका है और आंकड़ा तैयार हो जाने के बाद रिपोर्ट की घोषणा कर दी जाएगी।
श्री कुमार ने शुक्रवार को यहां राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के साथ पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बी. पी. मंडल की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में विपक्ष द्वारा जाति आधारित गणना का आंकड़ा सर्वाजनिक करने की मांग से संबंधित प्रश्न के उत्तर में कहा कि सर्वे का काम पूरा हो चुका है, अब उसके आगे एक-एक चीज को देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंकड़ा तैयार किया जा रहा है। जब सबकुछ तैयार हो जाएगा तो फिर रिपोर्ट घोषित की जाएगी, इसमें कहीं कोई दिक्कत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद ही जाति आधारित गणना का सारा काम हो रहा है। उच्चतम न्यायालय ने भी सर्वे के काम को रोका नहीं है। इस सर्वे में मुख्य बात है कि सबकी आर्थिक स्थिति का भी पता चल जाएगा। केवल जातियों की संख्या घोषित करने के लिए ये सर्वे नहीं करवाया जा रहा है। सारी चीजें बहुत अच्छे ढंग से हो रही है। वर्ष 2021 में ही सभी पार्टियों की सहमति से जाति आधारित गणना का कार्यक्रम तय किया गया था। सबकुछ तय होने के बाद वर्ष 2022 में सर्वे का काम शुरू हो गया था। इसपर किसी को क्या आपत्ति हो सकती है। सबकी सहमति से जो तय हुआ है वही काम करवाया जा रहा है। सर्वे में जो लोग लगे हुए हैं वे काफी मेहनत से सारा काम कर रहे हैं। इसके लिए सरकार की ओर से दिशानिर्देश दिया गया है उसी के अनुसार सारा कुछ हो रहा है।
श्री कुमार ने कहा कि देश में हर 10 साल पर जनगणना का काम होता था। केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2011 में जाति आधारित जनगणना भी करायी गयी थी लेकिन फिर क्या हुआ, केंद्र सरकार द्वारा कुछ नहीं किया जा रहा है। आज वर्ष 2021 के बाद कितने साल बीत गए लेकिन जनगणना का कार्य नहीं हुआ है। कुछ लोग देश का इतिहास बदलने में लगे हुए हैं। जो जरूरी काम है वो नहीं हो रहा। किसकी कितनी आबादी है और किसको कितना लाभ दिया जाएगा, ये सब जरूरी है जो नहीं किया जा रहा है। जब बिहार में जाति आधारित गणना का काम हो जाएगा तो अन्य राज्य के लोग भी इसको देखेंगे। कई राज्य अपने स्तर से जाति आधारित गणना को कराना चाहते हैं। बिहार इसका एक मॉडल बनेगा। ये काम सबके हित में होगा।...////...