मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भू-अभिलेख के व्यवस्थित रखरखाव के लिए जबलपुर में की गई पहल सराहनीय है। राज्य सरकार ने राजस्व प्रशासन सहित अनेक क्षेत्रों में कई नवाचार किए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में साइबर तहसील, सम्पदा-1 और सम्पदा 2 के माध्यम से नागरिकों को सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। अब अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे लाल बस्ते का चलन खत्म हो रहा है। राजस्व रिकार्ड की नकल निकलवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की अब आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरूवार को कलेक्टर कार्यालय, जबलपुर में नवीनीकृत राजस्व अभिलेखागार के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्व के क्षेत्र में यह एक नूतन व्यवस्था है जो सुशासन के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना द्वारा किये गये नवाचार की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज नागरिकों को दस्तावेजों की हार्ड कापी और सॉफ्ट कापी दोनों ही उपलब्ध करवाने की व्यवस्था है। जबलपुर जिला प्रशासन इस पहल के लिए बधाई का पात्र है। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह और सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने भी संबोधित किया। विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री अजय विश्नोई, विधायक श्री सुशील तिवारी और विधायक श्री अशोक रोहाणी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।