जगतगुरू शंकराचार्य से मिलकर आशीर्वाद प्राप्त किया धामी ने
02-Dec-2021 11:32 PM 6536
नैनीताल, 02 दिसंबर (AGENCY) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को गोवर्द्धन मठ पुरी के जगतगुरू शंकराचार्य से मुलाकात की और आशीर्वाद प्राप्त किया। जगतगुरू शंकराचार्य ने उन्हें अखंड भारत के साथ सनातन धर्म की रक्षा का उपदेश दिया। श्री धामी आज उधमसिंह नगर जनपद के रूद्रपुर के दौरे पर थे। इस दौरान वे जगतगुरू शंकराचार्य से मिलने हरिचंद मिड्डा के आवास पर जा पहुंचे। वह लगभग आधा घंटे रूके और बताया जाता है कि जगतगुरू शंकराचार्य ने उन्हें आगामी चुनाव में विजयी भवः का आशीर्वाद भी दिया। सूत्रों ने बताया कि जगतगुरू शंकराचार्य ने देवस्थानम बोर्ड को लेकर भी मुख्यमंत्री से वार्ता की और बोर्ड को भंग करने के निर्णय की सराहना की। उन्होंने श्री धामी को अखंड भारत के साथ ही सनातन धर्म व गौ रक्षा व संरक्षण-संवर्द्धन का उपदेश दिया। श्री धामी ने भी सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प दोहराया और जगतगुरू शंकराचार्य से आशीर्वाद प्राप्त कर पंतनगर के लिये रवाना हो गये। इस दौरान उनके साथ विधायक राजकुमार ठुकराल व राजेश शुक्ला भी मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^