"जल ही जीवन है" मिशन को अपनाना जरूरी: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
16-Jun-2024 12:00 AM 1579

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि "जल ही जीवन है" मिशन को अपनी प्रतिदिन की दिनचर्या में अपनाना जरूरी है। जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रदेश में वृहद स्तर पर जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। सभी 55 जिलों में जिला, तहसील, पंचायत, ग्राम स्तर तक कोई भी इस अभियान के प्रभाव से अछूता नहीं हैं। यह जल के प्रति हमारी निष्ठा और जागरूकता को दिखाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज उज्जैन के पुलिस लाइन में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तालाब गहरीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस लाइन स्थित तालाब के गहरीकरण के लिए श्रमदान किया। उन्होंने पाम का पौधा रोप कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस लाइन में आयोजित जल संरक्षण के अद्भुत आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन को बधाई देते हुए अभियान को निरंतर जारी रखने का आव्हान किया। उन्होंने सभी को गंगा दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^