मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल है, जिसका उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन करना है। इस अभियान में नदियों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ चलाई जा रही है। इनमें नदी तटों की सफाई, वृक्षारोपण, जल संचयन और औद्योगिक कचरे पर नियंत्रण की पहल की जा रही है। साथ ही नागरिकों को जल की महत्ता और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि से लेकर आम नागरिक इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से आहवान किया है कि जल संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की जिम्मेदारी है, एकजुट होकर अभियान को सफल बनायें।
नगरीय प्रशासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी रविवार को डिण्डोरी जिले की शहपुरा जनपद पंचायत के ग्राम बरगांव में जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम में शामिल हुई। मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने सिलगी नदी के तट पर जल संवर्धन का सन्देश देते हुए, जनप्रतिनिधियों और अधिकारीगण के साथ सिलगी नदी की स्वच्छता के लिए सफाई कार्य में सहभागिता की। जल संरक्षण केवल अभियान तक सीमित प्रक्रिया नहीं है, यह एक सतत प्रक्रिया है। इसमें शासन प्रशासन की भूमिका के साथ ही हम सभी का सहयोग आवश्यक है।