13-Aug-2023 02:27 PM
1660
श्रीनगर, 13 अगस्त (संवाददाता) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर का हर युवा तिरंगे के गौरव से प्यार करता है और उसकी रक्षा करेगा।
यहां प्रसिद्ध डल झील में विशाल ‘तिरंगा रैली’ को हरी झंडी दिखाने के बाद उपराज्यपाल ने कहा कि जो लोग कह रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर में कोई भी राष्ट्रीय ध्वज नहीं उठाएगा, उन्हें एहसास हो गया होगा कि हर युवा तिरंगे से प्यार करता है।
उपराज्यपाल ने कहा,“सबसे बड़ा बदलाव यह है कि हर व्यक्ति तिरंगे के गौरव की रक्षा करना चाहता है और जम्मू-कश्मीर और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहता है।”
श्री सिन्हा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के अलावा सुरक्षा तथा नागरिक प्रशासन के अधिकारियों ने भी डल झील के किनारे बुलेवार्ड रोड पर तिरंगे को लहराया।
उपराज्यपाल ने एक ट्वीट में कहा,“पूरे केंद्र शासित प्रदेश में पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी देश के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।”
उन्होंने कहा कि एक साथ, जम्मू-कश्मीर एक उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ रहा है। जीवन के सभी क्षेत्रों के लोग एक संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा,“सभी भावना से एकजुट हैं- हमारा प्रिय और विजयी तिरंगा दुनिया में ऊंचा लहराएं।”
उपराज्यपाल ने कहा, “आओ साथ चलें, हमारे दिल एक साथ धड़कें, यही तो है तिरंगा यात्रा का संकल्प जो समाज के हर वर्ग को एक भाव में बांधता है। पुलवामा से पुंछ तक, कुलगाम से कठुआ तक, जम्मू से श्रीनगर तक, 20 जिलों में सभी घर जश्न मना रहे हैं और तिरंगे फहरा रहे हैं।...////...