जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर विश्वविद्यालय एवं शोध संस्थान की हो स्थापना : समाजवादी समागम
23-Jan-2024 07:34 PM 6481
पटना 23 जनवरी (संवाददाता) समाजवादी समागम ने सरकार से जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर विश्वविद्यालय एवं शोध संस्थान की स्थापना करने की आज मांग की। समागम के महासचिव डॉ. अनिल ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को यहां जगजीवन राम संसदीय अध्ययन एवं राजनीतिक शोध संस्थान के सभागार में जननायक कर्पूरी ठाकुर जन्मशताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों जैसे दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर, हैदराबाद, नेपाल, कलकत्ता, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित अन्य राज्यों के समाजवादी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि समाजवादी साथियों ने यह मांग की कि कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न प्रदान किया जाय। साथ ही उनके नाम पर एक शोध संस्थान तथा विश्वविद्यालय का भी निर्माण किया जाय। डॉ. ठाकुर ने बताया कि पूरे कार्यक्रम को तीन सत्रों में विभाजित किया गया। पहले सत्र में, कर्पूरी जी के ऊपर तीन पुस्तक का लोकार्पण भी हुआ, जिसमें कर्पूरी ठाकुर के जीवन एवं उनके विचारों को विस्तृत रूप से उल्लेख किया गया है। पहले सत्र की अध्यक्षता पूर्व मंत्री श्याम रजक ने की। प्रो. राजकुमार जैन ने कर्पूरी ठाकुर के बारे में परिचय दिया। साथ ही प्रो. आनन्द कुमार, सांसद रामनाथ ठाकुर, कर्नाटक से विधायक बी. आर. पाटिल, दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. विनय भारद्वाज, हैदराबाद से गोपाल सिंह, भाकपा-माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, प्रफुल्ल सामंत राय ने अपने विचार रखे तथा कर्पूरी जी के विचारों को विस्तृत रूप से उल्लेख किया। समागम के महासचिव ने बताया कि दूसरे सत्र में युवाओं ने अपने विचार रखे। इस सत्र में युवा वक्ता अनुपम कुमार, मिस गुड्डी, मार्टिना चक्रवर्ती, ई. संतोष यादव, ई. राजकुमार पासवान, प्रज्ञा सिंह ने अपने विचार व्यक्त किये। उनलोगों का मानना था कि आज की राजनीति में कर्पूरी ठाकुर के विचारों का बहुत बड़ा योगदान होगा जब वर्तमान राजनीतिक दल उनके विचारों को समाज के नीचे तबके तक ले जाने का काम करेंगे। डॉ. ठाकुर ने बताया कि भोजनावकाश के बाद तीसरे सत्र का आरंभ हुआ, जिसमें जदयू नेता के. सी. त्यागी, राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी, माइकल फर्नांडिस, पूर्व सांसद देवेन्द्र यादव, अरुण श्रीवास्तव, डॉ. सुनिलम ने अपने विचार व्यक्त किये। इस सत्र में वक्ताओं ने कहा कि सिर्फ विरोध करने से किसी समस्या का समाधान नहीं होता। समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए हमें जननायक कर्पूरी ठाकुर और राम मनोहर लोहिया के विचार को अपनाना होगा। कार्यक्रम में पूर्व सांसद राम कुमार शर्मा, अति पिछड़ा आयोग के सदस्य अरविन्द निषाद, गौतम सागर राणा, अखलाक अहमद, शंकर तिवारी, टी.एन. प्रकाश, महेन्द्र यादव, राजवीर पवार, विजय राजभर, शाहिद कमाल, रामेश्वर ठाकुर सहित कई बुद्धिजीवी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^