जीवन में उच्चतम मापदंड स्थापित करने वाला ही खिलाड़ी: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
06-Aug-2025 12:00 AM 702

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खिलाड़ी वो है, जो जीवन में उच्चतम मापदंड स्थापित करें। अपने पराक्रम और साहस से खेल के साथ जीवन के अन्य क्षेत्रों में भी सफल हो। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण भी इस नाते उत्कृष्ट खिलाड़ी थे। उनका जीवन खिलाड़ियों सहित हम सभी के लिए प्रेरक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को रवीन्द्र भवन में मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण और 38वें नेशनल गेम्स-2025 के पदक विजेताओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। मध्यप्रदेश खेल के क्षेत्र में निरंतर उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण एवं 38वें नेशनल गेम्स 2025 के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह में सम्मान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मानित और पुरस्कृत खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ समूह चित्र भी निकलवाया।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों ने पूरे देश ही नहीं बल्कि विश्व में प्रदेश का नाम रौशन किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेश के खिलाड़ी अगले नेशनल गेम्स में और अच्छा प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश को प्रथम स्थान पर लायेंगे। श्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की खिलाड़ियों के प्रति सजगता है कि उन्होंने हर विधानसभा में एक खेल स्टेडियम बनाने की पहल की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को समारोह में नेशनल गेम्स में प्रदेश को मिली ट्राफी भेंट की गई। समारोह में ओलंपिक संघ के अध्यक्ष श्री रमेश मेंदोला, सचिव श्री दिग्विजय सिंह, प्रमुख सचिव श्री मनीष सिंह और उप सचिव श्री अजय श्रीवास्तव उपस्थित थे। संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री राकेश गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया। संयुक्त संचालक श्री बी.एल. यादव ने आभार माना।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^