कांग्रेस के महिला अपराध को लेकर सरकार पर आरोप
04-Aug-2023 03:23 PM 3076
भोपाल, 04 अगस्त (संवाददाता) मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने प्रदेश में महिला अपराध लगातार बढ़ने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों का ऐसे अपराधियों को लगातार संरक्षण मिल रहा है। श्रीमती पटेल ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2021 में प्रदेश में हर रोज 8 बच्चियों सहित 17 महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं घटित हुई है। हाल ही में मां शारदा की पवित्र नगरी मैहर में 13 साल की बच्ची के साथ बर्बरता की गई। उन्होंने इसी संदर्भ में प्रदेश के और कई हिस्सों में घटित घटनाओं का भी संदर्भ दिया। श्रीमती पटेल ने कहा कि इस तरह की हरकतों के बाद गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को अपने पद से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसे लोगों को संरक्षण दे रही है, जो बहन-बेटियों के खिलाफ अत्याचार करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा ध्यान प्रदेश की जनता को भ्रमित करने, रोज नए इवेंट और उसका झूठा प्रचार-प्रसार करने में रहता है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद श्री कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिला सुरक्षा पर खास फोकस किया जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^