कांग्रेस के नेता चुनाव के समय जाते हैं जनता के पास: सिंधिया
05-Nov-2023 09:29 PM 1836
मुरैना, 05 नवंबर (संवाददाता) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस के नेताओं को विदेशी पक्षियों की तरह बताते हुए आज कहा कि जैसे विदेश पक्षी दो महीने के लिये अपना समय बिताने के लिए यहां आते हैं, वैसे ही कांग्रेस नेता चुनाव के समय दो महीने के लिये जनता के बीच आते हैं और फिर साढ़े चार वर्ष के लिए फुर्र उड़ जाते हैं। श्री सिंधिया जिले की जोरा, सबलगढ़ और अम्बाह विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जन सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दलितों के हित की बात करने वाली कांग्रेस ने ही संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर को लोकसभा चुनाव में हराने के लिए काम किया था। श्री सिंधिया ने कांग्रेसी नेताओं को विदेशी पक्षियों के जैसा बताया कि जिस प्रकार विदेशी पक्षी 2 महीने के लिए यहां आते हैं और बाद में लौट जाते है। उसी प्रकार कांग्रेस नेता चुनाव के दौरान 2 महीने के लिए जनता के बीच आते है, उसके बाद साढ़े चार साल के लिए फुर्र हो जाते है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोनाकाल में केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने देशवासियों को 220 करोड़ के टीके लगवाए। जिस देश में कभी वैक्सीन नहीं बनती थी, आज वही भारत वैक्सीन का निर्माण कर 100 से अधिक देशों को निर्यात कर रहा है। कोरोना की वैक्सीन को कांग्रेसी भाजपा का टीका बताते थे, लेकिन रात के अंधेरे में पीछे के रास्ते से अस्पताल जाकर कांग्रेसी खुद भी वैक्सीन लगवाते थे। श्री सिंधिया नेे सभाओं में मौजूद महिलाओं से मुखातिब होकर कहा कि अगर मप्र में कांग्रेस की सरकार आई तो लाड़ली बहना योजना के तहत हर महीने मिलने वाले 1250 रूपये बंद हो जाएंंगे। इस अवसर पर अंबाह के प्रत्याशी कमलेश जाटव, जौरा के सूबेदार सिंह रजौधा और सबलगढ़ प्रत्याशी सरला रावत, जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह भदौरिया सहित विधानसभा संयोजक, प्रभारी, जिला एवं मण्डलों के पदाधिकारी, वरिष्ठ भाजपा नेता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^