कांग्रेस की बरेली से प्रत्याशी सुप्रिया एरन सपा में शामिल हुयीं
22-Jan-2022 05:25 PM 4677
लखनऊ, 22 जनवरी (AGENCY) उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिये शनिवार को एक बार फिर हास्यास्पद स्थिति पैदा हो गयी जब विधानसभा चुनाव में बरेली सीट से कांग्रेस का टिकट हासिल करने के महज एक सप्ताह बाद सुप्रिया एरन का पार्टी से मोहभंग हो गया और वह समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गयीं। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने बरेली की पूर्व मेयर सुप्रिया एरन को बरेली सीट से 13 जनवरी को उम्मीदवार घोषित किया था। एरन ने अपने पति और कांग्रेस की सरकार में मंत्री रहे प्रवीण सिंह एरन के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यहां स्थित पार्टी मुख्यालय में एरन दंपति को पार्टी की सदस्यता दिलायी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले रामपुर जिले की चमरौआ सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी यूसुफ अली यूसुफ ने भी टिकट मिलने के बाद सपा में शामिल होने की घोषणा कर दी। लेकिन सपा से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर प्रियंका गांधी से माफी मांगते हुये खुद को फिर से कांग्रेस का सिपाही बता दिया। हालांकि कांग्रेस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यूसुफ का टिकट बरकरार रखा गया है या नहीं। इस दाैरान संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये अखिलेश ने कहा कि चुनाव के बाद जब सपा की सरकार बनेगी तब सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में 22 लाख नौजवानों को रोजगार से जोड़ने का काम होगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में बने एचसीएल कैंपस में 5000 से ज्यादा लोगों को सीधे तौर पर नौकरियां मिली है। इसी तर्ज पर सपा सरकार बनने पर आईटी सेक्टर में नौकरियां दी जायेंगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^