कांग्रेस की एक फैमिली पार्टी के रूप में बन चुकी है पहचान- नड्डा
23-Jan-2023 11:20 PM 3393
जयपुर, 23 जनवरी (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा को मजबूत एवं एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी बताते हुए कहा है कि कांग्रेस पूरी तरह खत्म हो चुकी है और उसकी एक फैमिली पार्टी के रूप में पहचान बन चुकी है। श्री नड्डा आज यहां भाजपा राजस्थान प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में प्रजातंत्र है और हम प्रजातांत्रिक तरीके से काडर की मजबूती के लिए कार्य करते हैं, भाजपा एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है बाकी सभी पार्टियां फैमिली पार्टी बनकर रह गई हैं, कांग्रेस पूरी तरह खत्म हो चुकी है, एक फैमिली की पार्टी के रूप में कांग्रेस की पहचान बन चुकी है, रीजनल पार्टियां भी फैमिली पार्टी बन कर रह गई हैं l उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि मानवीय पहलू के साथ सामाजिक सरोकारों के लिए भी काम करने वाली पार्टी हैं और पार्टी की सामाजिक शक्ल पूरे भारतवर्ष ने और पूरी दुनिया ने कोरोना काल में देखी। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में 2023 में भाजपा की तीन चौथाई बहुमत की राजस्थान में सरकार बनेगी और बार-बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा राजस्थान इकाई द्वारा जन आक्रोश यात्रा और जन आक्रोश सभाओं के सफल आयोजन के लिए प्रदेश नेतृत्व और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस मिशन को और ऐसे अभियानों की हमें निरंतरता बनाए रखनी होगी। उन्होंने कांग्रेस की गहलोत सरकारी पर उसके शासन में राजस्थान के बदतर हालात होने का आरोप लगाते हूए कहा कि राज्य में महिला अपराध, दलित अपराध, साइबर अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है, बिजली, पेट्रोल डीजल के दामों में भी कांग्रेस सरकार के शासन में निरंतर बढ़ोतरी से प्रदेश का आमजन परेशान है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी को राजस्थान में मजबूत करने में सुंदर सिंह भंडारी, भैरों सिंह शेखावत, भंवरलाल शर्मा, ललित किशोर चतुर्वेदी के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने राजस्थानी साफा और पार्टी का दुपट्टा पहनाकर श्री नड्डा का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, कोर कमेटी सदस्य सीपी जोशी, कनकमल कटारा, राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौड इत्यादि सहित प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^