कांग्रेस की झूठी गारंटियों से जनता में भारी आक्रोशः अनुराग
14-May-2024 10:11 PM 5599
धर्मशाला, 14 मई (संवाददाता) केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस ने हिमाचल की जनता के साथ बहुत अन्याय किया है। कांग्रेस की दी झूठी गारंटियों से जनता में भारी आक्रोश है क्योंकि जनता इनके प्रलोभनों में फँस कर ख़ुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। श्री ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की जनता झूठी और भ्रष्ट कांग्रेस को इन चुनावों में सबक सिखाने को तैयार बैठी है। अगले 15 दिनों के चुनाव प्रचार में कांग्रेस सरकार के 15 महीनों के कुशासन को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। श्री ठाकुर ने कहा कि इस बार फिर हिमाचल और पूरे देश की जनता मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री और हिमाचल में भी भाजपा सरकार बनाने का मन बना चुकी है, क्योंकि कांग्रेस की झूठी गारंटियों से जनता में भारी आक्रोश है। हिमाचल की जनता कांग्रेस के झूठे प्रलोभनों और वादों दे ख़ुद को ठगा महसूस कर रही है। लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी जीत का चौका लगाएगी और विधानसभा में भी छक्का लगेगा। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ठाकुर ने कहा कि इन्होंने (कांग्रेस सरकार) ना हमारी बहनों को 1500 प्रति महीने दिए, ना 100 प्रति लीटर दूध और दो प्रति किलो गोबर खरीदा, ना पांच लाख युवाओं को नौकरी दी, ना स्टार्टअप फंड के लिए पैसे दिए, ना फलों के किसानों को उचित दाम दिए। इन्होंने अपनी एक भी गारंटी पूरी नहीं की। कांग्रेस को बताना चाहिए कि क्या चुनाव बाद वे हिमाचल में भी तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के समान एससी-एसटी और ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को देने वाले हैं? क्योंकि जीत के बाद यहां के कांग्रेस नेता कह चुके हैं कि हमने 97 फीसदी हिंदुओं को हराकर सरकार बनाई है।’’ श्री ठाकुर ने आगे कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस के नेता कहते हैं कि भारत से परमाणु हथियारों को खत्म कर देना चाहिए और वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और उनके सहयोगी कहते हैं कि पाकिस्तान के पास एटम बम है। उसका सम्मान करो। यह कैसा दोहरा चरित्र है? क्या कांग्रेस देश की जनता को मूर्ख समझती है। श्री ठाकुर ने आगे कहा,‘‘राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा लोगों में भय और भ्रम फैलाते फिर रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी एससी-एसटी और ओबीसी विरोधी है और संविधान को खत्म कर देगी। लेकिन सच्चाई यह है कि कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में एससी एसटी और ओबीसी भाइयों बहनों का पांच प्रतिशत आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देने का काम किया है। मनमोहन सिंह तो खुलेआम कहते थे कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमान का है। कांग्रेस से एक नेता ने तो यह तक कह दिया कि जिसकी दो बीवियां है उसे दुगना पैसा मिलेगा। यही नहीं, आजादी से लेकर मनमोहन सिंह के कार्यकाल तक कांग्रेस ने 62 बार संविधान को बदला है। इन्होंने तो बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के जीते जी उन्हें अपमानित और प्रताड़ित किया। आज इनके बड़े नेता कहते हैं कि हिंदुओं की संपत्ति छीनकर अपने वोट बैंक में बांट देंगे। लेकिन जब तक मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी इस देश में है हम यह कभी भी होने नहीं देंगे। हमारे एससी, एसटी और ओबीसी भाइयों बहनों का हक कोई नहीं छीन सकता। हिंदुओं की संपत्ति सिर्फ हिंदुओं की है।’’ श्री ठाकुर ने कहा कि 2014 में देश की जनता ने भ्रष्ट कांग्रेस को नकार कर एक ईमानदार चाय बेचने वाले को देश का प्रधानमंत्री बनाया और पिछले 10 वर्षों में देश ने वह विकास देखा है जो पिछले 60 वर्षों में भी नहीं हुआ था। पिछले 10 वर्षों में हमारा विदेशी मुद्रा कोष ढाई लाख करोड़ से बढ़कर 5 लाख करोड़ हो गया है। आज हमारा एक्सपोर्ट दुगना हो चुका है। हम विश्व के दूसरे सबसे बड़े मोबाइल निर्माता बन गए हैं। चाहे वह स्टार्टअप से लेकर स्पेस हो या साइंस से लेकर स्पोर्ट्स, हमारे युवा चारों ओर अपना परचम लहरा रहे हैं। आज देश में 10,000 से ज्यादा अटल टिंकरिंग लैब कार्यरत हैं। हमने रिकॉर्ड टाइम में दो स्वदेशी कोविड वैक्सीन बनाई। आज हमारा यूपीआई ग्लोबल होने जा रहा है। स्पेस में दुनिया का कोई देश जो नहीं कर पाया वह भारत ने किया। हम चंद्रमा के साउथ पोल के समीप जाने वाले न सिर्फ पहले देश बने बल्कि हमने जहां हमारा चंद्रयान उतरा उस पॉइंट का नाम शिव शक्ति पॉइंट भी रखा। ऑटोमोबाइल बनाने में हम दुनिया में नंबर तीन है। हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है। हम आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं और जल्द चौथी और फिर तीसरी भी बनेंगे। जेनेरिक दवाओं का सबसे ज्यादा निर्माण भारत में होता है। स्टील बनाने में हम नंबर दो हैं। दुग्ध उत्पादन में भी हम नंबर एक हैं। आज भारत तेजी से रक्षा उत्पादों के निर्माण में तरक्की कर रहा है। बड़े-बड़े जहाज से लेकर एक-47 और इंसास राइफल हो या बुलेट प्रूफ जैकेट से लेकर बोइंग विमान, सभी हम भारत में बना रहे हैं या बनाएंगे। आज हम एक लाख करोड़ से ज्यादा के हथियार खुद के देश में बना रहे हैं। हम ब्रह्मोस मिसाइल फिलिपींस को दे रहे हैं, तेजस खुद बना रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^