कांग्रेस की वापसी में युवा कांग्रेस निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका: कमलनाथ
04-Apr-2022 08:30 PM 3916
भोपाल, 04 अप्रैल (AGENCY) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि कांग्रेस की सत्ता में वापसी में युवा कांग्रेस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। श्री कमलनाथ यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला एवं विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्षों की आज विस्तारित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह स्वयं संसद में युवा कांग्रेस के माध्यम से ही पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि 1980 के आम चुनावों में कांग्रेस की वापसी के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने युवा कांग्रेस की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण माना था। जहां युवा कांग्रेस मजबूत है, वहां कांग्रेस भी मजबूत है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी 15 महीने की सरकार के दौरान अपने विकास की नीति और नियत को प्रदर्शित किया था। वर्ष 2023 का चुनाव मप्र के युवाओं के भविष्य का चुनाव है, अब युवा कांग्रेस को स्थानीय स्तर पर लड़ाई लड़ते हुए संगठन का विस्तार करना है। श्री कमलनाथ ने कहा आज आपको आक्रमक होने की जरूरत है, हमने मप्र को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया। लेकिन कुछ लोगों ने खरीद-फरोख्त करके हमारी सरकार गिरा दी। आज मप्र की पहचान भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार, तरह तरह के माफिया के रूप में बन गई है। क्या हम ऐसा मप्र चाहते हैं। भाजपा के लोग हमसे 15 महीने का हिसाब मांगते हैं, वे तो कहते हैं 18 साल का हिसाब जनता को दे दीजिए। उन्होंने कहा आज का युवा अपने हाथाें में काम चाहता है, ठेका या कमीशन नहीं चाहता है। आज नौजवानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती है उनके भविष्य की, कृषि क्षेत्र में भी आज सबसे बड़ी चुनौती है। नौजवानों का भविष्य अंधकार में होगा तो प्रदेश का भविष्य कहां से सुरक्षित रह सकता है। आज प्रदेश को कहां घसीटा जा रहा है, यह युवाओं को नौजवानाें को समझने की जरूरत है। बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि मध्यप्रदेश में एक बूथ-पाँच यूथ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चार मूलमंत्र हैं। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि देश की आधी आबादी की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हर बूथ पर कम से कम एक महिला को जोड़ा जाए एवं डिजिटल क्रांति के दौर में कम से कम एक युवा बूथ पर डिजिटल युवा के रूप में कार्य करे, इसके साथ ही बूथ पर 35 वर्ष के आयु से कम लोगों को भी जोड़ा जाए और जोड़े गए युवाओं के कार्य की गुणवत्ता को सुनिश्चित किया जाए। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि युवाओं को संगठन का अनुशासन सर्वाेपरि रखते हुए कार्य करना चाहिए एवं आने वाले समय में कांग्रेस की तीसरी और चौथी पीड़ी का नेतृत्व युवा कांग्रेस में वर्तमान में कार्य कर रहे साथियों के हाथों में होगा। इसलिए आवश्यक है कि वह संगठन निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे एक बूथ-पाँच यूथ जैसे कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर संगठन विस्तार की अपनी क्षमताओं को और बढ़ाएं, ताकि भविष्य की चुनावी राजनीति के लिए उनके पास एक मजबूत जनाधार हो। संगठन के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के लिए 2023 के चुनाव में टिकिट के लिए पेरोकारी करेंगे। बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया ने कहा कि जिन लोगों ने सौंपे गए संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया है, उनको संगठन द्वारा और जवाबदारी दी जाएगी और जो लोग ऐसा करने में विफल रहे हैं, उनके स्थान पर दूसरे लोगों को अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा भी उन्होंने कहा कि वह जेल से लेकर रेल तक युवाओं की लड़ाई लड़ेगे एवं अप्रैल माह में प्रदेश, जिला एवं विधानसभाओं में व्यापम 2.0 के विरूद्व व्यापक आन्दोलन करेगे। बैठक में राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी इशिता सेढ़ा, शेषनारायण ओझा, राष्ट्रीय सचिव मितेन्द्र दर्शन सिंह यादव, सुश्री एकता ठाकुर, छत्तीसगढ प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष को को पाढ़ी, गुजरात प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह बघेला, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पराग शर्मा, आनंद जाट, जयेश गुरनानी भी मुख्य रूप से बैैठक में मौजूद थे। बैठक में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला एवं विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के चेयरमेन, मीडिया और सोशल के चेयरमेन तथा पदाधिकारी आमंत्रित प्रतिनिधियों के रूप में मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^