कांग्रेस महिलाओं को चार सीट देने की भी हिम्मत नहीं जुटा पाई : सुरेश
23-Jan-2022 09:18 PM 6532
देहरादून 23 जनवरी(AGENCY) उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्धारा जारी प्रत्याशियों की सूची पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निशाना साधते हुए कहा कि 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने का फर्जी दावा करने वाली कांग्रेस, राज्य में चार महिला उम्मीदवार को टिकट देने की हिम्मत नहीं जुटा पायी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने रविवार को पार्टी की ओर से आधिकारिक बयान जारी करते हुए आरोप लगाया कि कॉंग्रेस का ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ का दावा उत्तराखंड पहुंचते ही हवा हवाई हो गया है। अब तो लगता है, उन्हे हारने का अंदेशा भी हो गया है तभी उनके वरिष्ठ नेता हरीश रावत तो पार्टी की देश में खराब फार्म होने का दावा कर अभी से चुनाव हारने के कारण तलाशने लगे हैं। श्री जोशी ने कॉंग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कल तक कॉंग्रेस महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देने का दावा कर, प्रदेश की जनता को बरगला रही थी, लेकिन उनकी हकीकत तब सामने आ गयी जब 53 उम्मीदवारों की सूची में मात्र तीन महिलाओं को स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि कॉंग्रेस की प्राथमिकता में कभी भी प्रदेश की आधी आबादी को उनका अधिकार देना नहीं रहा। वहीं अब तो कल तक ‘उत्तराखंड हरदा संग’ का दावा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी कांग्रेस की हार का अंदाज़ा हो गया है, तभी वह अभी से हार के कारण तलाशने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कम से कम उनका देश में कांग्रेस पार्टी के फार्म में नहीं होने की स्वीकारोक्ति तो यही बयां करती है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा को पूर्ण भरोसा है कि हरदा के यही मन की बात, उत्तराखंड के जन-जन की बात होगी और प्रदेश में प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार की वापिस आने वाली है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^