कांग्रेस में गाली खाने की भी पावर ऑफ एटार्नी, कमलनाथ ऐसा काम ही क्यों करते हैं : शिवराज
18-Oct-2023 01:47 PM 5819
भोपाल, 18 अक्टूबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को गाली खाने की 'पावर ऑफ एटार्नी' दिए जाने संबंधित बयान पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि श्री कमलनाथ ऐसा काम ही क्यों करते हैं कि उन्हें गाली खानी पड़े। श्री चौहान ने यहां पार्टी से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा कि श्री कमलनाथ ने श्री दिग्विजय सिंह को गाली खाने की पावर ऑफ एटॉर्नी दे रखी है। कांग्रेस में गालियां खाने की पावर ऑफ एटॉर्नी भी दी गई हैं। इस बात का खुलासा स्वयं श्री कमलनाथ ने किया है। वे ऐसा काम ही क्यों करते हैं कि गाली खाना पड़े। अगर गाली खाना पड़े तो खुद ना खाएं, दूसरे को पावर ऑफ एटॉर्नी दे दे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे ही सरकार चलाने की पावर ऑफ एटॉर्नी भी श्री कमलनाथ ने श्री दिग्विजय सिंह को ही दे रखी थी। पहले भी बंटाधार हुआ और आज भी बंटाधार ही हो रहा है। जब दिग्विजय सिंह ने सरकार चलाई उस समय जो मध्यप्रदेश की दुर्गति हुई वह जनता को पता है। श्री कमलनाथ ने कल कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच से कहा था कि उन्होंने बहुत पहले गाली खाने की पावर ऑफ एटार्नी श्री दिग्विजय सिंह को दी थी, जो आज तक वैलिड है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^