कांग्रेस ने की चार राज्यों को लेकर रणनीतिक बैठक
26-Dec-2023 06:24 PM 3461
नयी दिल्ली, 26 दिसंबर (संवाददाता) लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने मंगलवार को बिहार, जम्मू कश्मीर, लद्दाख तथा पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ अलग अलग रणनीतिक बैठकें की जिनमें प्रदेश संगठनों की चुनावी तैयारियों को लेकर गहन विचार विमर्श किया गया। कांग्रेस की इन चार राज्यों से जुड़ी ये महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठकें यहां पार्टी मुख्यालय में हुई जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल, संबद्ध प्रदेशों के प्रभारी महासचिवों के साथ ही पार्टी के प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान पार्टी की स्थापना की 138वीं सालगिरह पर नागपुर में होने वाले महत्वपूर्ण सम्मेलन से पहले राज्यों के शीर्ष नेताओं के साथ पिछले कुछ समय से लगातार बैठकें कर रहा है। इस क्रम में आज चार राज्यों बिहार, पंजाब, जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख के पदाधिकारियों के साथ बैठकें हुई और बुधवार को आंध्र प्रदेश तथा हिमाचल प्रदेश के नेताओं के साथ बैठकें होने का कार्यक्रम है। पार्टी नेतृत्व आम चुनाव की रणनीति बनाने को लेकर विभिन्न प्रदेशों के नेताओं के साथ अलग अलग बैठकें कर रहा है। इन बैठकों के जरिए प्रदेशों में पार्टी को और मजबूत बनाने के साथ ही इन प्रदेशों में प्रभावी ढंग से पार्टी को आम चुनाव के लिए तैयार करना है। बिहार के नेताओं के साथ हुई बैठक की जानकारी देते हुए श्री खड़गे ने कहा,“लोकसभा चुनाव संबंधित तैयारियों को लेकर बिहार प्रदेश कांगेस के नेताओं से चर्चा हुई। बिहार में महागठबंधन सरकार मज़बूती से बिहार के लोगों के लिए आशा के अनुरूप काम कर रही है। हम सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्ध हैं। बिहार की तरक़्क़ी, ख़ुशहाली और अमन-चैन के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मेहनत से जन-जन तक जाने को और बिहार के लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप खरा उतरने को तत्पर है।” बैठक के बाद बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन के साथ सीटों के बंटवारे के लिए 29 दिसंबर को कांग्रेस की गठबंधन के दलों के साथ समन्वय के लिए बनी समिति की भी बैठक होगी जिसमें सीटों के बंटवारे पर विचार-विमर्श किया जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^