कांग्रेस ने पाताल, समुद्र, अंतरिक्ष और जमीन पर किए घोटाले : नड्डा
15-May-2024 07:54 PM 1277
मोतिहारी/शिवहर 15 मई (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर एक साथ निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने पाताल, समुद्र, अंतरिक्ष और जमीन पर घोटाले किए वहीं राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव चारा तक खा गए। श्री नड्डा ने पूर्वी चंपरण जिले के मोतिहारी और शिवहर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पाताल, समुद्र, अंतरिक्ष और जमीन पर घोटाले किए। उसने कोई ऐसी जगह ही नहीं छोड़ी जहां घोटाले न किए हों। उन्होंने कहा कि हद तो तब हो गई जब कांग्रेस के सहयोगी राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव चारा तक खा गए और नाैकरी देने के नाम पर लोगों की जमीनें अपने नाम लिखवा ली। भाजपा अध्यक्ष ने ‘राजद’ के अक्षरों का अर्थ समझाते हुए कहा कि राजद के ‘र’ का अर्थ रिश्वतखोरी, ‘ज’ का जंगलराज और ‘द’ का मतलब दलदल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद अन्य आरक्षित वर्ग का आराक्षण छीनकर मुसलमानों को देना चाहते हैं। संविधान बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी को संविधान की समझ नहीं है। वह पढ़े-लिखे नहीं है। श्री लालू यादव भी मुसलमानों को आरक्षण देना चाहते हैं। श्री नड्डा ने कांग्रेस और राजद को सनातन विरोधी करार दिया और कहा कि श्री उदयनिधि स्टालिन और ए. राजा के सनातन विरोधी बयान पर श्री राहुल गांधी, श्रीमती सोनिया गांधी और श्रीमती प्रियंका गांधी वाडरा अपनी आंखें बंद कर लेती हैं। उन्होंने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार बनाये जाने को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला और आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग राष्ट्रविराेधी भी हैं। जो जेएनयू में देश विरोधी नारे लगते हैं। ये लोग उनसे मिलते हैं और उन्हें सांसद बनाना चाहते थे। भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर धोखेबाज और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा, “कोरोना काल में इसने वैक्सीन के नाम पर लोगों को गुमराह किया। ये खुद तो टीका लगवा लेते थे लेकिन लोगों से कहते थे यह मोदी जी का टीका है। ये लोग कहते थे भारत गरीबों का देश है इंटरनेट का क्या होगा। आज दो लाख गांवों में कॉमन सर्विस सेंटर है। आज सब्जी बेचने वाला भी डिजिटल ट्रांजेक्शन करता है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^