कांग्रेस ने प्रतिभा वीरभद्र सिंह को हिमाचल में पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया
26-Apr-2022 10:51 PM 2976
नयी दिल्ली 26 अप्रैल (AGENCY) कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मंगलवार को राज्य स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा वीरभद्र को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस की आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार मुकेश अग्निहोत्री को कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है, जबकि सुखविंदर सिंह सुक्खू को पार्टी की प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा में इस समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 43 विधायक हैं और कांग्रेस के 22 विधायक हैं। पिछले साल नवंबर में कांग्रेस ने मंडी लोकसभा सीटों और फतेहपुर, जुब्बल-कोटखाई और अर्की विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। राज्य में इस वर्ष नवंबर में चुनाव हो सकते है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान अनुसार पूर्व केंद्रीय मंत्री और ‘जी 23’ के सदस्य आनंद शर्मा को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष और आशा कुमारी को संयोजक बनाया गया है। घोषणा पत्र कमेटी में धनीराम शांडिल को अध्यक्ष और अशीष बुटेल को उपाध्यक्ष तथा रोहित ठाकुर को संयोजक बनाया है। कौल सिंह ठाकुर को समन्वयक समिति का अध्यक्ष, सुरेश चंदेल को उपाध्यक्ष तथा प्रकाश चौधरी को संयोजक बनाया गया है। चुनाव प्रबंधन समिति में राम लाल ठाकुर को अध्यक्ष, कुलदीप सिंह पठानिया और अनिरूद्ध सिंह को उपाध्यक्ष, तथा रघुवीर सिंह बाली को संयोजक बनाया गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^