कांग्रेस राज में नभ, जल और थल में घोटाले ही घोटाले-जेपी नड्डा
04-Apr-2024 10:52 PM 3447
पिथौरागढ़/नैनीताल, 04 अप्रैल (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पहले चरण के लिये हो रहे मतदान के लिये उत्तराखंड में प्रचार को गति दे दी है। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरूवार को सीमांत पिथौरागढ़ में एक चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास घोटालों का रहा है और उसने जल, थल और नभ में घोटाले ही घोटाले किये। उन्होंने कांग्रेस राज में कोयला घोटाला, बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला तथा कामनवेल्थ घोटाला और टूजी और थ्रीजी घोटाले को शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ ही वीरभूमि है और कांग्रेस हमेशा वीरों का अपमान करती रही है। उन्होंने सर्जिकल और एयर स्ट्राइक की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस ने सबूत मांग कर वीर सैनिकों का अपमान किया है। आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वन रैंक वन पेंशन का लाभ देकर सैनिकों का मान बढ़ाया है जबकि कांग्रेस 40 साल से इस मामले को लटकाती रही। उन्होंने कहा कि आज केन्द्र सरकार प्रदेश के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा और वह आज धरातल पर दिख रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में आज देश विश्व गुरू बनने को अग्रसर है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत तमाम चुनौतियों के बावजूद ग्यारहवीं से पांचवीं बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाये हैं और भारत मोबाइल, इलैक्ट्रोनिक सामान के उत्पादन के साथ रक्षा उत्पादों को तैयार कर रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को विश्व की सबसे महत्वपूर्ण योजना बताते हुए कहा कि इसके तहत देश के करोड़ों लोगों को पांच लाख रूपये तक निशुल्क स्वास्थ्य मिल रहा है। इसी प्रकार उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने गरीबों और महिलाओं के कल्याण के लिये अनेक लाभकारी योजनायें संचालित की हैं। उन्होंने पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना के साथ अनेक योजनाओं को गिनाया। उन्होंने पुष्कर सिंह धामी सरकार के समान नागरिक संहिता कानून की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के लिये एक नजीर बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में एम्स के अलावा अनेक मेडिकल कालेज खोले हैं। प्रदेश में कनेक्टिविटी और ढांचागत विकास के क्षेत्र में वृद्धि हो रही है। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की कि भाजपा के पांचों प्रत्याशियों को ऐतिहासिक मतों से जीत दिलाएं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^