कांग्रेस सत्ता में आते ही लागू करेगी महिला आरक्षण-खड़गे
23-Sep-2023 07:10 PM 4578
जयपुर 23 सितंबर (संवाददाता) कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केन्द्र की मोदी सरकार पर उसकी कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि अगले वर्ष कांग्रेस की सरकार बनने पर महिला आरक्षण को तत्काल लागू किया जायेगा। श्री खड़गे शनिवार को यहां राजस्थान कांग्रेस मुख्यालय के नये भवन का शिलान्यास के बाद आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल सबसे पहले कांग्रेस सरकार लेकर आई थी। उस समय इसका इन लोगों ने विरोध किया जो अभी सरकार में हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार की नीयत और नीति साफ नहीं है और ये लोग केवल भाषण करते हैं। उन्होंने कहा कि महिला विधेयक का सबने मिलकर समर्थन किया लेकिन अब यह कब आयेगा, वर्ष 2030 तक आयेगा। वर्ष 2029 में जनगणना होगी उसके बाद इसके लागू होने में और वक्त लगेगा और इसके आने में करीब दस साल की बात की जा रही हैं। श्री खड़गे ने कहा कि इस विधेयक को अभी लागू करना चाहिए। उन्होंने वादा करते हुए कहा कि अगर अगले वर्ष केन्द्र में कांग्रेस सरकार आती है तो वह तत्काल महिला आरक्षण देने का काम करेगी। उन्होंने संसद के विशेष सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्र तो पांच दिन का बुलाया था लेकिन चार दिन में समाप्त कर दिया क्योंकि यह सत्र केवल संसद का नया भवन दिखाने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि इन्हें नए भवन को दिखाना था, उसमें ऐसा क्या है दिखाने के लिए जो मंत्रियों, भाजपा के बड़े बड़े कार्यकर्ताओं, फिल्म कलाकारो आदि को बुलाया गया कि देखिए नया भवन बनाया गया। उन्होंने कहा कि संसद भवन चर्चा करने का स्थान है, यह कोई प्रदर्शनी करने की जगह नहीं है। यह स्थान चर्चा करके लोगों की समस्याओं का हल करने का है वह तो करेंगे नहीं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^