कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा का निधन
09-Oct-2022 12:57 PM 2653
जयपुर 09 अक्टूबर (संवाददाता) राजस्थान में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक भंवरलाल शर्मा का आज सुबह यहां निधन हो गया। वह करीब 77 वर्ष के थे। श्री शर्मा ने सुबह एसएमएस अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उन्हें शनिवार को एसएमएस अस्पताल भर्ती कराया गया था। चुरु जिले के सरदाशहर के जैतसीसर गांव में जन्मे श्री शर्मा ने सरपंच से राजनीतिक करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने सियासत में पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह सरदारशहर से सात बार विधायक रहे। वह जनता पार्टी में भी रहे। श्री शर्मा राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री और उप मुख्य सचेतक भी रहे। उनके निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक संवेदना व्यक्त की है। श्री मिश्र ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। श्री गहलोत ने श्री शर्मा के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि काफी समय से वह अस्वस्थ चल रहे थे, उनके स्वास्थ्य को लेकर मैं उनके परिवारजनों के सम्पर्क में था, कल रात एसएमएस अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से जानकारी ली और परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिजनों को इस बेहद कठिन समय में सम्बल एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने भी श्री शर्मा के निधन पर शोक जताया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^