कमचटका इलाके में भूकंप के बाद कई देशों में सुनामी की आशंका
30-Jul-2025 04:31 PM 5320
नयी दिल्ली, 30 जुलाई (संवाददाता) रुस के कमचटका इलाके में बुधवार को आए भीषण भूकंप के बाद आसपास के कई देशों ने सुनामी को लेकर चेतावनी जारी की है। इन देशों में रुस के अलावा, चीन, जापान, इंडोनेशिया और फिलीपींस शामिल हैं। रूसी एजेंसी के अनुसार सखालिन क्षेत्र के सेवेरो-कुरिल्स्क इलाके में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.9 मापी गयी जिसके बाद सुनामी की चेतावनी दी गई और संभावित खतरनाक इलाकों से निवासियों को निकलने के लिए कहा गया। इस ताकतवर भूकंप के बाद कई देशों ने सुनामी की लहरों को लेकर अलर्ट जारी किया। जापान ने अपनी चेतावनी में कहा कि लोग समुद्री इलाकों में जाने से बचें। आशंका है कि समुद्री लहरें तीन मीटर ऊंची उठ सकती हैं। इसमें कहा गया कि होक्काइडो से वाकायामा प्रान्त तक के तटीय क्षेत्र खतरे में हैं। इसमें आओमोरी, इवाते, मियागी, फुकुशिमा, चिबा, इबाराकी, शिज़ुओका और इज़ू द्वीप समूह के कुछ हिस्से शामिल हैं। जापान अधिकारियों ने लोगों को ऊंचे स्थान पर जाने की सलाह दी है। चीन ने भी सुनामी की चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि ताइवान, शंघाई और झीझियांग के इलाके में सुनामी का असर देखने को मिल सकता है। चीन ने यलो कलर के स्तर की चेतावनी जारी की है। यह चार स्तरों में शीर्ष से तीसरे स्तर की चेतावनी है। फिलीपींस में जारी सलाह में कहा गया है कि हो सकता है कि सुनामी की ये सबसे बड़ी लहरें न हों पर ये लहरें घंटों तक जारी रह सकती हैं। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे समुद्री तटों की ओर न जाएं। इंडोनेशिया ने नागरिकों से कहा है कि सुनामी की लहरे आधे मीटर तक की हो सकती हैं। लोग सरकारी चेतावनी का ध्यान रखें और तटीय इलाकों में सुरक्षा बरतें।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^