कन्या पूजन को लेकर दिग्विजय का भाव व्यक्त करना निंदनीय: प्रहलाद
26-Oct-2023 03:27 PM 9420
जबलपुर, 26 अक्टूबर (संवाददाता) केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कन्या पूजन को लेकर दिए गए बयान को लेकर आज कहा कि श्री सिंह ने कन्या पूजन को लेकर जिस तरह से भाव व्यक्त किए हैं, वह निंदनीय है और कांग्रेस के पूरे चरित्र को उजागर करता है। श्री पटेल ने यह बात आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि बड़ा दुर्भाग्य है कि नर्मदा परिक्रमा करने के बाद भी श्री सिंह का विवेक जागृत नहीं हुआ। कांग्रेस की पहचान सामंतशाही और परिवारवाद ही हैं, इसके अलावा वे जो भी करते हैं, वो सब कुछ छलावा है और जनता पूरा षडयंत्र समझ चुकी है। पत्रकारवार्ता में प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, जिलाध्यक्ष प्रभात साहू, व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे एवं महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री अश्वनी परांजपे सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब कल्याण के खिलाफ रही है। अपने 15 महीने के छोटे से कार्यकाल में ही कांग्रेस ने संबल योजना बंद कर दी थी, जिससे श्रमिक एवं निम्न वर्ग की मुश्किलें बढ़ गयी। कांग्रेस ने जलजीवन मिशन में भी कोताही बरती और महज ढाई प्रतिशत लोगों को ही शुद्धजल उपलब्ध कराया। कांग्रेस ने पीएम आवास योजना की राशि भी लाभार्थियों तक पहुंचाने के बजाए लौटा दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को शराब नीति बनाने में इंटरेस्ट रहता है। जनता की परेशानियों से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इन्हीं सब कारणों से स्थिति ये हो गयी है कि नौबत कपड़े फाड़ने तक पहुंच गयी। श्री पटेल ने कहा कि कांग्रेस को उम्मीदवार इसलिए बदलने पड़े, क्योंकि पार्टी का संतुलन बिगड़ चुका है। श्री पटेल ने कहा कि भाजपा एक देश, एक चुनाव की पक्षधर है, क्योंकि देश का चुनाव पर होने वाला खर्च कम होगा साथ ही विकास की योजनाओं में रुकावट नहीं आएगी। निशा बांगरे के इस्तीफे मामले पर उन्होंने कहा कि उनके पास कई विकल्प हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा खाली लिफाफे के मामले पर श्री पटेल ने कहा कि हमारे लिफाफे में शौचालय निर्माण, पीएम आवास, लाड़ली बहना योजना और उज्ज्वला जैसी योजनाएं हैं। स्वयं के चुनाव अभियान पर किए गये प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पार्टी जो जिम्मेदारी देती है, वो उसे पूरी निष्ठा से पूरी करते हैं और अभी भी वे वही कर रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^