क्रियान्वयन गति को गतिमान करने का संकेत उपलब्धियां : राज्यपाल श्री पटेल
29-Jan-2025 12:00 AM 571

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उपलब्धियां क्रियान्वयन गति को गतिमान करने का संकेत है। उत्साह के साथ नए कीर्तिमान कायम करने की प्रेरणा है। उन्होंने टी.बी. उन्मूलन और सिकल सेल उन्मूलन प्रयासों में प्रदेश के अग्रणी होने के लिए स्वास्थ्य विभाग को बधाई दी। राज्यपाल श्री पटेल सिकल सेल, टी.बी. उन्मूलन अभियान और पेसा एक्ट क्रियान्वयन पर संबंधित विभागों के मंत्री एवं अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर मंत्री पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम श्री प्रहलाद सिंह पटेल, मंत्री उच्च शिक्षा, आयुष और तकनीकी शिक्षा श्री इंदर सिंह परमार उपस्थित थे। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि सिकल सेल और टी.बी. रोग उन्मूलन प्रयासों में आधुनिक चिकित्सा पद्धति और पारम्परिक चिकित्सा पद्धतियों में समन्वय किया जाए। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग सिकल सेल और टी.बी. उपचार में जुड़े। आयुर्वेद और होम्योपैथी के समानांतर उपचार परिणामों का अध्ययन करे। जन औषधि केन्द्रों में उपलब्ध औषधियों के चिकित्सीय उपयोग और दवाओं के बाजार मूल्य से कम कीमत पर उपलब्धता के संबंध में भी जन जागृति की जाए। उन्होंने स्क्रीनिंग के साथ ही रोगियों और वाहकों को औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उपचार के साथ ही पोषण के लिये आयुष आहार के बारे में सामुदायिक जन-जागृति के प्रयासों को प्रसारित करने की जरूरत बताई है।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^