24-Jan-2024 06:38 PM
2772
समस्तीपुर, 24 जनवरी(संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि उनकी सरकार जननायक कर्पूरी ठाकुर के सपनों को साकार करने में लगी है।
श्री कुमार ने बुधवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक स्व.कर्पूरी ठाकुर की सौवीं जयंती पर उनके पैतृक गांव समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम में जननायक कर्पूरी ठाकुर की राजकीय जन्म शताब्दी समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी सरकार जननायक कर्पूरी ठाकुर के सपनों को साकार करने में लगी है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग 2007 से लगातार की जा रही थी। अब जाकर केंद्र सरकार ने उन्हें भारत रत्न दिया है जो खुशी की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने हमेशा शोषितों, पिछड़ों एवं कमजोर वर्गों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए काम किया है जो सदैव याद किया जायेगा। बिहार में शराबबंदी कानून को सबसे पहले जननायक कर्पूरी ठाकुर ने ही शुरू किया था जिससे प्रेरणा लेकर हमारी सरकार ने भी प्रदेश में शराबबंदी कानून को लागू किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा कर्पूरी ठाकुर के पुत्र एवं जदयू सांसद रामनाथ ठाकुर, माकपा विधायक अजय कुमार,राजद विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहिन और भाजपा विधायक बीरेंद्र कुमार समेत अन्य नेताओं ने स्मृति भवन में आयोजित कार्यक्रम मे स्व.कर्पूरी ठाकुर के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया और उन्हें अपनी श्रद्वांजलि दी। बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गोखुल-कर्पूरी- फुलेश्वरी महाविद्यालय स्थित त्रिमूर्ति भवन मे भी कर्पूरी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।...////...