कीव को हथियारों की जल्द आपूर्ति जरूरी : यूरोपीय आयोग
17-Apr-2022 04:56 PM 8861
मॉस्को, 17 अप्रैल (वार्ता/स्पूतनिक) यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूक्रेन में रूस के चल रहे विशेष सैन्य अभियान के बीच यूरोपीय संघ (ईयू) के देशों से यूक्रेन को जल्द से जल्द और अधिक हथियारों की आपूर्ति करने का आह्वान किया है। सुश्री लेयेन ने रविवार को प्रकाशित ‘जर्मन बिल्ड एम सोनटैग’ अखबार के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि सभी सदस्य राज्यों को यूक्रेन को यथाशीघ्र हथियार मुहैया कराना चाहिए, तभी वह रूस के खिलाफ अपने रक्षात्मक संघर्ष में बच सकता है। यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने में मदद के लिए हर संभव प्रयास करने की आवश्यकता है, हालांकि युद्ध ‘सबसे खराब स्थिति में महीनों या वर्षों तक चल सकता है।’ सुश्री लेयेन ने कहा, “यूक्रेन को वह देने की जरूरत है जो उसे अपनी रक्षा के लिए चाहिए और जो वह संभाल सकता है। मैं भारी और हल्के हथियारों के बीच अंतर नहीं करती।” इस महीने की शुरुआत में सुश्री लेयेन के साथ कीव की अपनी यात्रा के बाद, ईयू की विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बोरेल ने कीव को और सैन्य सहायता प्रदान करने की ईयू की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि यूक्रेन में संघर्ष युद्ध के मैदान में जीता जाएगा।” उल्लेखनीय है कि अमेरिका में रूसी राजदूत अनातोली एंटोनोव ने चेतावनी दी है कि पश्चिम से यूक्रेन में संघर्ष क्षेत्र में हथियारों का निरंतर प्रवाह आग में ईंधन डाल रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को मिल रही घातक सैन्य आपूर्ति को रोकना महत्वपूर्ण है। रूस ने यह भी चेतावनी दी है कि पश्चिम द्वारा कीव को जो हथियार दिए जाते हैं, वे ईयू में कहीं भी आतंकवादियों के हाथ लग सकते हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^