खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रत्येक सुझाव और प्रस्ताव मान्य होगा - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
13-Jan-2024 12:00 AM 789

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों की एशियाड और ओलम्पिक खेलों में अर्जित उपलब्धियां सराहनीय हैं। खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रबंधन को बेहतर बनाते हुए राज्य सरकार प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावों को मान्य करते हुए उन पर अक्षरश: अमल करेगी। खिलाड़ियों के कोच अर्थात खेल प्रशिक्षक भी सामान्य शिक्षकों की तरह पदोन्नति के पात्र होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई शिक्षा नीति में खेल भी पाठ्यक्रम का हिस्सा है। उदीयमान खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुरस्कार प्राप्त समस्त खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। युवा दिवस के उपलक्ष्य में नासिक में राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी जी द्वारा दिए गए संबोधन का मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य अतिथियों ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में श्रवण किया।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^