कोविड काल में ड्यूटी करने वाले होमगार्ड्स को 6000 मिलेंगे : धामी
06-Dec-2021 07:29 PM 8425
देहरादून, 06 दिसम्बर (AGENCY) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठन के स्थापना दिवस पर घोषणा की कि कोविड के दौरान लगातार कोविड ड्यूटी में तैनात सभी होमगार्ड्स जवानों को 6000 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। श्री धामी ने भव्य रैतिक परेड का निरीक्षण करने के साथ, केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान, थानो के छात्रावास तथा जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, हरिद्वार का लोकार्पण भी किया। उन्होंने विभागीय स्मारिका का भी विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि होमगार्ड्स के जवान पूरे समर्पित भाव से जन सेवा और पुलिस को सहयोग करते आ रहे हैं। होमगार्ड्स जवानों को जिस भी मोर्चे पर तैनात किया गया उन्होंने उम्मीद से बढ़कर कार्य कर के दिखाया। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं के सही संचालन से लेकर, किसी भी आपात स्थिति से निपटने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में होमगार्ड्स के जवान उत्कृष्ट योगदान देते हैं। श्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा हो या फिर कुंभ का आयोजन होमगार्डस के जवानों की हर स्थिति में भूमिका बेहद अहम रहती है। होमगार्ड्स सुदूर पर्वतीय ग्रामीण अंचलो में भी पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान होमगार्ड्स के जवानों ने सराहनीय कार्य किया। राज्य में अब होमगार्ड्स के जवानों की संख्या 6500 से और बढ़ाई जा रही है। होमगार्ड्स निदेशालय में समूह-ग के पदों पर होमगार्ड्स को 25 प्रतिशत आरक्षण भी तय किया जा चुका है। फोर्स का सर्वांगीण विकास सरकार की योजनाओं का अहम हिस्सा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स तथा नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को उनके कार्यों के आधार पर प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया। उन्होंने कोविड ड्यूटी के दौरान दिवंगत होमगार्ड रोशन सिंह की पत्नी बबीता को दो लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया। जबकि होमगार्ड राजबहादुर को एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी अशोक कुमार, जीओसी सब एरिया मेजर जनरल संजीव खत्री, कमांडेंट जरनल होमगार्ड अजय रौतेला एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^