लोकसभा चुनाव से पहले ही भाजपा ने मानी हार : जदयू
18-Aug-2023 07:51 PM 3783
पटना 18 अगस्त (संवाददाता) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने आज कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मनोबल इतना गिर चुका है कि इन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले ही हार मान ली है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव राजीव रंजन ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन से भाजपा का मनोबल इतना गिर चुका है कि इन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले ही हार मान ली है। इनकी नवनियुक्त टीम में अधिकांश चेहरे ऐसे हैं, जिन्होंने आज तक कभी चुनाव लड़ा तक नहीं है। इन्हें सिर्फ इसलिए चुना गया है कि लोकसभा चुनाव में शिकस्त का ठीकरा इनके माथे पर फोड़ा जा सके। इस टीम से पिछले चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कई लोग भी इसी वजह से गायब हो गये हैं, जिससे वह आलाकमान के सामने अपनी छवि को ठीक रख सकें। श्री रंजन ने भाजपा के आत्मविश्वास गिरने के अन्य कारण गिनाते हुए कहा कि वास्तव में भाजपा दल नहीं बल्कि दलदल है। पूरी पार्टी अनेक गुटों में विभाजित है। इनके संगठन के भीतर हर बड़े नेता ने अपना एक अलग संगठन बनाया हुआ है, जो पूरी पार्टी पर हावी होने का प्रयास करते रहते हैं। टीम गठन में भी इनके बड़े नेता अपनी परिक्रमा करने वालों को अधिक से अधिक संख्या में सेट करने की जुगाड़ में लगे रहते हैं। दूसरी तरफ कर्मठ कार्यकर्ता ठगे खड़े रह जाते हैं। हर बार उन्हें मायूसी हाथ लगती है। इसीलिए, उनमें एक अलग आक्रोश पनप रहा है। आने वाले समय में आक्रोश की यह चिंगारी निश्चित ही ज्वाला बन कर भाजपा को लील जाने वाली है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि भाजपा भले ही इन नेताओं के आंतरिक मतभेदों को छिपाने में पसीना बहा रही है, लेकिन जैसे जैसे चुनाव नजदीक आते जाएंगे इनका मनभेद बढ़ता जाएगा। इसके लक्षण अभी से ही दिखायी देने शुरू हो गये हैं। आने वाले समय में यदि इनका संगठन कई टुकड़ों में टूट जाए तो किसी को कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। श्री रंजन ने भाजपा के विकास की राजनीति करने के दावे को फर्जी बताया और कहा कि भाजपा के लिए विकास केवल एक झुनझुना है, जिससे वह अपने समर्थकों का मनोरंजन करती रहती है। देश को ही देख लें तो पिछले नौ सालों के इनके राज में इनका विकास कुछ ख़ास पूंजीपतियों के दरवाजे से आगे नहीं बढ़ पाया है। आज जनता मंहगाई से त्रस्त है, रोजगारों के लिए युवा बेचैन है, किसानों की आय दुगनी करने का इनका वादा फेल हो गया, उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं ने गैस सिलिंडर लेना छोड़ दिया है, इसी तरह रोजमर्रा के जरूरत के सामानों की कीमत दुगनी से भी अधिक हो चुकी है लेकिन भाजपा को इसकी चिंता तक नहीं है। आगामी चुनाव में भाजपा की हार का यह भी एक प्रमुख कारण बनने वाला है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^