म.प्र. में निवेश की अनंत संभावनाएँ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
29-Jan-2025 12:00 AM 491

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जापान दौरे के पहले दिन टोयोटा मोटर कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की। उन्होंने श्री तोशियूकी नाकाहारा महाप्रबंधक, प्रशासन एवं समर्थन विभाग, इंडिया और मिडिल ईस्ट डिवीजन और श्री मासाहिरो नोगी परियोजना महाप्रबंधक, प्रशासन एवं समर्थन विभाग, इंडिया और मिडिल ईस्ट डिवीजन के साथ व्यापारिक संभावनाओं के निवेश के अवसरों पर गहन चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मध्यप्रदेश को निवेश के लिए एक आइडियल डेस्टिनेशन बताते हुए राज्य की प्रमुख विशेषताओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भारत के केंद्र में स्थित है, जो उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के लिए एक आदर्श केंद्र बिंदु बनता है। हमारे पास विशाल औद्योगिक भूमि बैंक, कुशल युवा कार्यबल और उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा है। खासतौर पर पीथमपुर ऑटोमोबाइल क्लस्टर तेजी से उभरता हुआ औद्योगिक केंद्र है, जो वैश्विक निवेशकों के लिए अपार संभावनाएं लेकर आया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य की शांतिपूर्ण और आपदा-रहित स्थिति पर जोर देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश, जापान की तरह ही शांति और स्थिरता के लिए प्रसिद्ध है। राज्य प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित है, जो इसे निवेश के लिए और भी अनुकूल बनाता है। यहां की सरल और परिश्रमी जनता, तकनीकी कौशल और व्यवसाय के लिए प्रतिबद्धता के साथ उद्योगों को उत्कृष्ट वातावरण प्रदान करती है।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^