मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश के साथ पूरा देश लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती मना रहा है और हमारी सरकार महिला स्वावलंबन तथा सशक्तिकरण की दिशा में लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को बैतूल जिले के सारणी में स्व-सहायता समूह सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां 464 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया तथा बैतूल के विकास पर केंद्रित पुस्तिका "विकास के पथ पर अग्रसर" का विमोचन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व-सहायता समूह से स्टार्ट-अप अभियान के तहत 4 स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्टार्ट-अप कंपनियों में 8 करोड़ 10 लाख रूपये के इंट्रेस्ट टू इन्वेस्ट पत्र वितरित किये।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मठार देव बाबा और मां ताप्ती के जयघोष करते हुए कहा कि बैतूल जिले के सारणी की महिमा न्यारी हैं, सही मायनों में धरती की शोभा सारणी में विद्यमान है। सारणी ने पूरे प्रदेश को ऊर्जा से सराबोर करते हुए विकास के कारवां को आगे बढ़ाया जिससे मध्यप्रदेश जगमगाया। सारणी के कोल भंडार सोने की तरह है। बैतूल जिले को ईश्वर का भरपूर आशीर्वाद प्राप्त हुआ। कोयले के भंडार, मां ताप्ती का उद्गम ,उन्नत कृषि इत्यादि प्राकृतिक संपदाओं के साथ यह जनजातीय अंचल विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा हैं। प्रदेश के पहले फूड पार्क की स्थापना बैतूल जिले में ही की गई हैं, जो स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सेवाभावना का उदाहरण हैं।