मध्यप्रदेश : कांग्रेस के सात नेता 19 तारीख से निकालेंगे जनाक्रोश यात्राएं
16-Sep-2023 03:31 PM 1572
भोपाल, 16 सितंबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस के सात अलग-अलग नेता आगामी 19 तारीख से विभिन्न क्षेत्रों में जनाक्रोश यात्राएं निकालेंगे। प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली ये यात्राएं 19 सितंबर से शुरु होकर 15 दिन तक चलेंगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान आरोप लगाया कि 18 सालों की प्रदेश की बदहाली और बर्बादी का जनता में भाजपा राज के ख़िलाफ़ जो असंतोष था, वो अब जनाक्रोश में तब्दील हो गया है। एक तरफ जहां भाजपा राज के ख़िलाफ़ जनता में आक्रोश है तो दूसरी ओर कांग्रेस व श्री कमलनाथ के प्रति जनता में जोश दिखाई दे रहा है। जनता की इसी आवाज़ को सुनकर कांग्रेस 'जनाक्रोश यात्रा' का आगाज़ कर रही है। उन्होंने इस दौरान प्रदेश सरकार पर कई प्रकार के घोटाले करने का भी आरोप लगाया। श्री सुरजेवाला ने कांग्रेस का 500 रु में गैस सिलेंडर देने, 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ़ करने, 200 यूनिट तक हाफ़ करने, बेटियों को 1500 रु प्रति माह देने समेत पार्टी के अन्य वादे एक बार फिर दोहराए। उन्होंने कहा कि जनाक्रोश यात्रा में प्रदेश की जनता कुल 11 हजार 400 किमी की दूरी तय करेगी, जिसे पूरा करने के लिए पार्टी के सात नेता नेतृत्व करेंगे। इनमें नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह 1600 किमी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव 1700 किमी, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल 1900 किमी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल 1400 किमी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी 1400 किमी, कांतिलाल भूरिया 1700 किमी और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी 1700 किमी का सफर तय करेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^