मध्यप्रदेश में चौथे चरण में 71.72 प्रतिशत हुआ मतदान
13-May-2024 11:12 PM 7823
भोपाल, 13 मई (संवाददाता) लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत मध्यप्रदेश में आज आठ संसदीय क्षेत्रों में निर्विघ्न तरीके से मतदान संपन्न हो गया और एक करोड़ 63 लाख से अधिक मतदाताओं में से 71़ 72 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसी के साथ राज्य में चार चरणों में सभी 29 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गयी। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने देर शाम एक विज्ञप्ति के जरिए कहा कि आठ संसदीय क्षेत्रों में “अनंतिम जानकारी के अनुसार” 71.72 प्रतिशत मतदान हुआ है। संसदीय क्षेत्र देवास (अजा) में 74.86 प्रतिशत, उज्जैन (अजा) में 73.03, मंदसौर में 74.50, रतलाम (अजजा) में 72.86, धार (अजजा) में 71.50, इंदौर में 60.53, खरगोन (अजजा) में 75.79 और खंडवा में 70.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। सबसे कम मतदान इंदौर में दर्ज किया गया। इन आठों संसदीय क्षेत्रों में पांच महिलाओं समेत कुल 74 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें देवास और मंदसौर में आठ-आठ, खंडवा में 11, खरगोन में पांच, रतलाम में 12, धार में सात, इंदौर में 14 और उज्जैन में नौ प्रत्याशी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या एक करोड़ 63 लाख 70 हजार से अधिक है। कुल 18,007 मतदान केंद्रों पर सख्त सुरक्षा प्रबंध के बीच लगभग 72 हजार कर्मचारियों ने मतदान कार्य संपन्न कराया। कुल मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 63 लाख 70 हजार से अधिक है, जिसमें 82 लाख 48 हजार से अधिक पुरुष, 81 लाख 22 हजार से अधिक महिलाएं और थर्ड जेंडर के वोटर 388 शामिल हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^